राष्ट्रीय
26-Mar-2026


कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल से बाहर अपनी सियासी जमीन मजबूत करने के प्रयास में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव 2026 में किसी भी गठबंधन से दूरी बनाते हुए ‘एकला चलो’ रणनीति के तहत चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। शुरुआत में ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की चर्चा थी, लेकिन अब टीएमसी ने 22 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारकर साफ कर दिया है कि वह सीमित लेकिन रणनीतिक तरीके से मैदान में उतर रही है। टीएमसी ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा दो चरणों में की। पहले चरण में 17 उम्मीदवारों के नाम सामने आए, जबकि दूसरे चरण में 7 और नाम जोड़े गए। हालांकि बाद में कुछ बदलाव हुए, जिसमें एक वरिष्ठ नेता की उम्मीदवारी वापस ली गई और एक सीट पर उम्मीदवार ने नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद कुल उम्मीदवारों की संख्या 22 तय हुई। इस बार टीएमसी ने खास रणनीति अपनाई है। पार्टी ने भाजपा छोड़कर आए नेताओं को टिकट देने से परहेज किया है। इसका मकसद भविष्य में दल-बदल की समस्या से बचना और स्थिर संगठन तैयार करना है। पार्टी का मानना है कि असम में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के बीच वह खुद को एक मजबूत और भरोसेमंद विकल्प के तौर पर पेश कर सकती है। सुबोध/२६-०३-२०२६