राज्य
26-Mar-2026


भोपाल(ईएमएस)। रायसेन रोड स्थित पटेल नगर के जागृत एवं श्रद्धा के प्रमुख केंद्र दादाजी धाम मंदिर में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर गुरुवार को अष्टमी तिथि पर सायं 7:00 बजे माँ दुर्गा के अष्टम स्वरूप माँ महागौरी की भव्य महाआरती अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुई। इस दिव्य अवसर पर वर्धमान सिटी, पटेल नगर, सिद्धार्थ लेक सिटी एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विशेषकर मातृशक्ति, अपने-अपने घरों से सुसज्जित पूजन थालियाँ लेकर पहुँचीं और सामूहिक रूप से महाआरती में सहभागिता कर माँ का आशीर्वाद प्राप्त किया। महाआरती के उपरांत सभी भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। मंदिर परिसर में माता रानी के समक्ष 71 अखंड दीपक प्रज्ज्वलित कर भक्तों ने अपनी अटूट श्रद्धा और भक्ति का परिचय दिया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं दिव्य हो उठा। इसी क्रम में शुक्रवार प्रातः 9:00 बजे नवमी तिथि पर माँ दुर्गा के नवम स्वरूप माँ सिद्धिदात्री का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया जाएगा। तत्पश्चात रामनवमी के पावन अवसर पर प्रातः 11:30 बजे से पूजन प्रारंभ होकर दोपहर 12:00 बजे शुभ मुहूर्त में भगवान श्री राम के जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर भगवान श्री राम, जो मर्यादा, धर्म और आदर्श के प्रतीक हैं, के जन्मोत्सव पर विशेष अभिषेक, पूजन, हवन, आरती एवं भजन-कीर्तन का भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा। “राम रामेति रामेति, रमे रामे मनोरमे। सहस्त्रनाम तत्तुल्यं, राम नाम वरानने॥” रामनवमी के पावन अवसर पर दोपहर 12:30 बजे सामूहिक पूर्ण आहुति कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें उपस्थित होकर श्रद्धालु पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। कार्यक्रम के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा। सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से विनम्र अनुरोध है कि वे सपरिवार समय पर उपस्थित होकर इस दिव्य एवं पुण्यदायी आयोजन में सहभागिता करें। हरि प्रसाद पाल / 26 मार्च, 2026