दिग्विजय सिंह सनातन धर्म पर सबसे ज्यादा कुठाराघात करने वाले नेता - मंत्री विश्वास सारंग भोपाल(ईएमएस)। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा अयोध्या में रामलला के दर्शन करने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। मंत्री सारंग ने कहा कि एक ओर कांग्रेस पार्टी ने वर्षों तक भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न लगाए, राम मंदिर निर्माण का विरोध किया और न्यायालय में हलफनामे दिए, वहीं आज उसी पार्टी के नेता अयोध्या जाकर दर्शन करने का ढोंग कर रहे हैं। आगे उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह इस देश में सनातन धर्म पर सबसे ज्यादा कुठाराघात करने वाले नेता हैं। जिन्होंने हर समय सनातन धर्म के विरुद्ध बयान दिए और भगवा आतंकवाद जैसे शब्दों का उपयोग कर पूरे विश्व में देश की सांस्कृतिक पहचान पर आघात किया है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह ने नौ सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली कहावत को भी चरितार्थ किया है। आगे उन्होंने कहा कि उनके द्वारा सनातन धर्म के प्रति अपनी झूठी आस्था का दिखावा करना केवल एक ढोंग है। प्रभु श्रीराम दिग्विजय सिंह को सद्बुद्धि प्रदान करें और वे सच्चे मन से सनातन संस्कृति का सम्मान करें। मंत्री सारंग ने कहा कि राम मंदिर अयोध्या करोड़ों देशवासियों की आस्था और विश्वास का केंद्र है और दुनिया का हर व्यक्ति भगवान रामलला के दर्शन करे और उनका आशीर्वाद ले। मंत्री सारंग ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह अगर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को भी अपने साथ लेकर जाते तो अच्छा होता। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी केवल चुनाव के समय कोट के ऊपर जनेऊ पहन कर चुनावी हिंदू बनते हैं। मंत्री सारंग ने व्यंग्य करते हुए कहा कि क्या राहुल गांधी को रामलला के दर्शन के लिए निमंत्रण पत्र की आवश्यकता है? आगे मंत्री सारंग ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व का यही अहंकार और जनभावनाओं से दूरी ही उनके निरंतर पतन का प्रमुख कारण है। हरि प्रसाद पाल / 26 मार्च, 2026