राज्य
26-Mar-2026
...


:: 29 मार्च को प्रस्तावित संकल्प से समाधान कार्यक्रम की समीक्षा; अधिकारियों को समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगामी 29 मार्च को प्रस्तावित इंदौर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से कलेक्टर शिवम वर्मा ने आज प्रशासनिक अधिकारियों के दल के साथ दशहरा मैदान का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूर्व अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, पेयजल और प्रवेश द्वारों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को विशिष्ट दायित्व भी सौंपे। गौरतलब है कि दशहरा मैदान में संकल्प से समाधान अभियान के तहत एक विशाल जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होना प्रस्तावित है। :: अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का अवलोकन :: भ्रमण के दौरान कलेक्टर शिवम वर्मा के साथ नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। टीम ने मंच की रूपरेखा और जनसमूह के बैठने के लिए बनाए जाने वाले डोम की स्थिति का भी जायजा लिया। प्रशासन का मुख्य ध्यान इस बात पर है कि मुख्यमंत्री के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। :: समन्वय और सुरक्षा पर जोर :: कलेक्टर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दो दिनों में तैयारियों की दोबारा समीक्षा की जाएगी ताकि कार्यक्रम की गरिमा और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित हो सके। प्रशासन इस आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए युद्ध स्तर पर जुटा हुआ है। प्रकाश/26 मार्च 2026