राज्य
26-Mar-2026


* आप पर लगाया जनता के पैसे से मार्केटिंग का आरोप, पीएम नरेंद्र मोदी के 8931 दिनों के शासन को बताया ऐतिहासिक अहमदाबाद (ईएमएस)| गांधीनगर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने मीडिया को संबोधित करते हुए स्थानीय स्वराज्य की चुनाव तैयारियों को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा हर चुनाव के लिए हमेशा तैयार रहती है और इस बार भी पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उम्मीदवारों के चयन के मानदंड समय आने पर घोषित किए जाएंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही विपक्षी नेता “मेंढकों की तरह कूदने” लगते हैं। खासतौर पर आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की जनता के पैसे से पार्टी के नेता अपनी मार्केटिंग कर रहे हैं, जबकि वहां की जनता आप सरकार से त्रस्त है। उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी गुजरात की जनता को भी गुमराह करने की कोशिश कर रही है, लेकिन राज्य के लोग अब उनके तौर-तरीकों को भलीभांति समझ चुके हैं। इस दौरान नरेंद्र मोदी के शासनकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 8931 दिनों का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है, जो केवल समय का नहीं बल्कि जनसेवा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 2001 में मुख्यमंत्री बनने के बाद से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक मोदी की यात्रा संघर्ष और उपलब्धियों से भरी रही है। सरदार सरोवर परियोजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना को पूरा कराने के लिए भी प्रधानमंत्री मोदी ने कड़ी लड़ाई लड़ी थी। आज उनके नेतृत्व में देश का सर्वांगीण विकास हो रहा है। सतीश/26 मार्च