राज्य
26-Mar-2026


:: 17 शहर, 4 टीमें, एक जुनून : बीसीसीआई का 2026-27 शेड्यूल जारी; 11 अक्टूबर को चौके-छक्कों की बरसात से सराबोर होगा शहर :: मुम्बई/इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के क्रिकेट प्रेमियों की मुराद पूरी हो गई है और एक बार फिर शहर के ऐतिहासिक होलकर स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का शोर सुनाई देने वाला है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने गुरुवार को आगामी 2026-27 के घरेलू अंतरराष्ट्रीय सत्र के लिए आधिकारिक घोषणा कर दी है, जिसमें इंदौर को एक हाई-वोल्टेज टी-20 मुकाबले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नए शेड्यूल के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को टीम इंडिया और कैरेबियाई सितारों से सजी वेस्टइंडीज की टीमें इंदौर के मैदान पर आमने-सामने होंगी। शाम 7:00 बजे से फ्लड लाइट्स की रोशनी में होने वाला यह मुकाबला न केवल शहर में क्रिकेट का रोमांच लौटाएगा, बल्कि प्रशंसकों को दुनिया की दो सबसे विस्फोटक टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने का अवसर भी प्रदान करेगा। :: कैरेबियाई चुनौती से होगा सीजन का आगाज :: भारतीय क्रिकेट के इस भव्य घरेलू सीजन की शुरुआत 27 सितंबर 2026 से वेस्टइंडीज के भारत दौरे के साथ होने जा रही है। कैरेबाई टीम का यह सफर तीन मैचों की वनडे श्रृंखला से शुरू होगा, जिसके मुकाबले तिरुवनंतपुरम, गुवाहाटी और न्यू चंडीगढ़ में खेले जाएंगे। वनडे सीरीज के ठीक बाद पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला का कारवां शुरू होगा, जो लखनऊ और रांची से गुजरता हुआ अपने तीसरे पड़ाव के लिए इंदौर पहुंचेगा। होलकर स्टेडियम की छोटी बाउंड्री और रनों से भरपूर पिच को देखते हुए इस मैच में रनों का अंबार लगने की पूरी उम्मीद है। इंदौर के बाद सीरीज के अंतिम दो मुकाबले हैदराबाद और बेंगलुरु के मैदानों पर संपन्न होंगे। :: श्रीलंका और जिम्बाब्वे के खिलाफ वाइट बॉल जंग :: वेस्टइंडीज के बाद दिसंबर 2026 में श्रीलंका की टीम भारत की जमीं पर कदम रखेगी। दोनों देशों के बीच तीन वनडे और तीन टी-20 मैचों की श्वेत गेंद श्रृंखला खेली जाएगी, जिसके मुकाबले दिल्ली, बेंगलुरु, अहमदाबाद, राजकोट, कटक और पुणे जैसे प्रमुख शहरों में आयोजित होंगे। नए साल का स्वागत भी क्रिकेटिया उत्सव के साथ होगा, जब जनवरी 2027 में जिम्बाब्वे की टीम तीन वनडे मैचों की श्रृंखला के लिए भारत आएगी। ये मैच कोलकाता, हैदराबाद और मुंबई के ऐतिहासिक मैदानों पर खेले जाएंगे। इन श्रृंखलाओं के माध्यम से बीसीसीआई ने देश के छोटे-बड़े 17 शहरों तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पहुँचाने का लक्ष्य रखा है। :: बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से होगा भव्य समापन :: घरेलू सत्र का सबसे प्रतिष्ठित और बहुप्रतीक्षित अध्याय जनवरी के अंतिम सप्ताह में खुलेगा, जब ऑस्ट्रेलिया की टीम बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए भारत का दौरा करेगी। पांच टेस्ट मैचों की यह रोमांचक श्रृंखला 21 जनवरी से नागपुर में शुरू होगी। इसके बाद चेन्नई, गुवाहाटी और रांची में अगले टेस्ट मैच खेले जाएंगे, जबकि श्रृंखला और सीजन का भव्य समापन अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ (MPCA) ने इंदौर में मैच की मेजबानी मिलने पर हर्ष व्यक्त किया है और स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयारियां अभी से सुनिश्चित करने की बात कही है। :: मैदान-ए-जंग तैयार : घरेलू सत्र के सभी मुकाबलों का लेखा-जोखा :: वेस्ट इंडीज़ का भारत दौरा (सितंबर - अक्टूबर 2026) : इस दौरे के साथ घरेलू सीज़न की शानदार शुरुआत होगी। वेस्ट इंडीज़ की टीम तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की श्रृंखला खेलेगी। ------------------------------------------------------------------------------------------ मैच दिनांक समय स्थान ------------------------------------------------------------------------------------------ पहला वनडे 27 सितंबर, 2026 दोपहर 2:00 बजे तिरुवनंतपुरम दूसरा वनडे 30 सितंबर, 2026 दोपहर 2:00 बजे गुवाहाटी तीसरा वनडे 03 अक्टूबर, 2026 दोपहर 2:00 बजे न्यू चंडीगढ़ पहला T20I 06 अक्टूबर, 2026 शाम 7:00 बजे लखनऊ दूसरा T20I 09 अक्टूबर, 2026 शाम 7:00 बजे रांची तीसरा T20I 11 अक्टूबर, 2026 शाम 7:00 बजे इंदौर चौथा T20I 14 अक्टूबर, 2026 शाम 7:00 बजे हैदराबाद पांचवां T20I 17 अक्टूबर, 2026 शाम 7:00 बजे बेंगलुरु ------------------------------------------------------------------------------------------ श्रीलंका का भारत दौरा (दिसंबर 2026) इसके बाद श्रीलंका की टीम भारत आएगी, जो तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की श्वेत गेंद श्रृंखला खेलेगी। ------------------------------------------------------------------------------------------ मैच दिनांक समय स्थान ------------------------------------------------------------------------------------------ पहला वनडे 13 दिसंबर, 2026 दोपहर 2:00 बजे दिल्ली दूसरा वनडे 16 दिसंबर, 2026 दोपहर 2:00 बजे बेंगलुरु तीसरा वनडे 19 दिसंबर, 2026 दोपहर 2:00 बजे अहमदाबाद पहला T20I 22 दिसंबर, 2026 शाम 7:00 बजे राजकोट दूसरा T20I 24 दिसंबर, 2026 शाम 7:00 बजे कटक तीसरा T20I 27 दिसंबर, 2026 शाम 7:00 बजे पुणे ------------------------------------------------------------------------------------------ जिम्बाब्वे का भारत दौरा (जनवरी 2027) नए साल की शुरुआत में, जिम्बाब्वे तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के लिए भारत का दौरा करेगा। ------------------------------------------------------------------------------------------ मैच दिनांक समय स्थान ------------------------------------------------------------------------------------------ पहला वनडे 03 जनवरी, 2027 दोपहर 2:00 बजे कोलकाता दूसरा वनडे 06 जनवरी, 2027 दोपहर 2:00 बजे हैदराबाद तीसरा वनडे 09 जनवरी, 2027 दोपहर 2:00 बजे मुंबई ------------------------------------------------------------------------------------------ ऑस्ट्रेलिया का भारत दौरा (जनवरी - मार्च 2027) इस सीज़न का समापन प्रतिष्ठित और बहुप्रतीक्षित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के साथ होगा, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला खेली जाएगी। ------------------------------------------------------------------------------------------ मैच दिनांक समय स्थान ------------------------------------------------------------------------------------------ पहला टेस्ट 21-25 जनवरी, 2027 सुबह 9:30 बजे नागपुर दूसरा टेस्ट 29 जनवरी-02 फरवरी, 2027 सुबह 9:30 बजे चेन्नई तीसरा टेस्ट 11-15 फरवरी, 2027 सुबह 9:00 बजे गुवाहाटी चौथा टेस्ट 19-23 फरवरी, 2027 सुबह 9:30 बजे रांची पांचवां टेस्ट 27 फरवरी-03 मार्च, 2027 सुबह 9:30 बजे अहमदाबाद ------------------------------------------------------------------------------------------ प्रकाश/26 मार्च 2026