खेल
27-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। आईपीएल के इस सत्र में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेल रहे युवा तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने कहा है कि उन्हें अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी से लगातार सहायता मिलती रही है। मुकेश ने कहा कि शमी मेरे बड़े भाई की तरह हैं, वह मुझे गेंदबाजी को लेकर मार्गदर्शन देने के साथ ही मेरा हौंसला भी बढ़ाते रहे हैं। मुकेश के अनुसार उनके गेंदबाजी कौशल के विकास में अनुभवी शमी की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनसे बहुत कुछ सीखता हूं। जब भी मैं किसी परेशानानी में होता हूं या चीजें ठीक नहीं चल रही होतीं, तो मैं उनके पास जाता हूं और सवाल पूछता हूं। ऐसे में वह हमेशा मेरी सहायता करते हैं।’’ मुकेश का 2025-26 घरेलू सत्र काफी अच्छा रहा, जिसमें उन्होंने सभी प्रारूपों में 30 से अधिक विकेट लेकर अपनी क्षमता दिखायी है। मुकेश ने अंतिम बार साल 2023 के अंत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकदिवसीय मैच में भारत की ओर से खेला था। उसके बाद से ही वह टीम में वापसी के प्रयास कर रहे हैं। इस गेंदबाज का कहना है कि वह परिणामों के बजाय प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित करते हुए टीम में वापसी की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं विश्व कप या बड़े टूर्नामेंट के बारे में बहुत आगे की नहीं सोचता। मेरा ध्यान इस बात पर है कि आज मुझे क्या करना है, अभ्यास में कैसे सुधार करना है, कौन-कौन सी नई विविधताएं जोड़ सकता हूं और अलग-अलग बल्लेबाजों के खिलाफ कैसे तैयारी करनी है।’’आईपीएल में मुकेश ने पिछले सत्र में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 10 मैचों में सात विकेट लिए और अक्सर अंतिम ओवरों में गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभाली थी। उनका प्रदर्शन हालांकि मिश्रित रहा है। इस 30 वर्षीय गेंदबाज ने कहा कि वह सटीक गेंदबाजी, खासकर यॉर्कर और टी20 क्रिकेट के अनुरूप विविधताओं पर लगातार काम कर रहे हैं। साथ ही कहा उनका प्रयास हालात के अनुसार गेंदबाजी रन है।’’ गिरजा/ईएमएस 27 मार्च 2026