खेल
27-Mar-2026
...


- गायकवाड़ या म्हात्रे किसे मिले मौका? नई दिल्ली (ईएमएस)। आईपीएल 2026 की शुरुआत नजदीक आते ही पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप देने में जुट गई है। पिछले सीजन में टीम की सबसे बड़ी कमजोरी ओपनिंग जोड़ी रही थी, लेकिन इस बार संजू सैमसन के आने से इस समस्या का आंशिक समाधान जरूर मिला है। बावजूद इसके सबसे बड़ा सवाल अभी भी बना हुआ है कि सैमसन के साथ पारी की शुरुआत कौन करेगा। टीम के पास फिलहाल दो प्रमुख विकल्प हैं। पहला, युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे पर भरोसा बनाए रखा जाए, जिन्होंने पिछले सीजन में शानदार शुरुआत दिलाकर प्रभावित किया था। दूसरा, कप्तान रितुराज गायकवाड़ को फिर से ओपनिंग की जिम्मेदारी सौंपी जाए, जहां उनका रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को राजस्थान रॉयल के खिलाफ करने जा रही है, ऐसे में सही संयोजन चुनना टीम के लिए बेहद अहम होगा। आईपीएल 2025 में डेब्यू करने वाले आयुष म्हात्रे ने 7 मैचों में 240 रन बनाकर टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई थी। 34.28 की औसत से रन बनाते हुए उन्होंने टॉप ऑर्डर में नई ऊर्जा भरी थी। हालांकि, इसके बाद उनका फॉर्म कुछ खास नहीं रहा। घरेलू क्रिकेट और अंडर-19 स्तर पर उन्हें निरंतरता नहीं मिल सकी, जिससे टीम प्रबंधन के सामने चयन को लेकर दुविधा बनी हुई है। वहीं, अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो रितुराज गायकवाड़ बतौर ओपनर ज्यादा प्रभावी साबित हुए हैं। उन्होंने आईपीएल में अपने अधिकांश रन इसी पोजीशन पर बनाए हैं और टॉप ऑर्डर में उन्हें खुलकर खेलने का मौका मिलता है। नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए उनका प्रभाव थोड़ा कम दिखाई देता है, क्योंकि वहां उन्हें पारी को संभालने की अतिरिक्त जिम्मेदारी निभानी पड़ती है। ऐसे में टीम के लिए संतुलित विकल्प यही नजर आता है कि गायकवाड़ को दोबारा ओपनिंग पर उतारा जाए और सैमसन के साथ मजबूत शुरुआत सुनिश्चित की जाए। वहीं, युवा आयुष म्हात्रे को नंबर 3 पर भेजकर उन्हें नई भूमिका में ढालने का मौका दिया जा सकता है। आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की सफलता काफी हद तक इस बात पर निर्भर करेगी कि टीम सही ओपनिंग कॉम्बिनेशन चुन पाती है या नहीं। अब देखना दिलचस्प होगा कि टीम प्रबंधन अनुभव को तरजीह देता है या युवा जोश पर दांव लगाता है। डेविड/ईएमएस 27 मार्च 2026