खेल
27-Mar-2026
...


- 100+ मैच खेलने के बावजूद ट्रॉफी से दूर कई दिग्गज नई दिल्ली (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन की आज 28 मार्च से शुरूआत होने जा रही हैं। करीब दो महीनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 10 टीमें खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी। अब तक लीग के 18 सीजन पूरे हो चुके हैं, लेकिन कई ऐसे बड़े खिलाड़ी हैं जो लंबे समय से इस मंच पर शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद अपनी टीम का ट्रॉफी जीतने का सपना पूरा नहीं कर सके हैं। हैरानी की बात यह है कि इनमें से कई खिलाड़ियों ने 100 से ज्यादा मैच खेले हैं और अलग-अलग टीमों का हिस्सा भी रहे हैं, फिर भी आईपीएल खिताब उनसे दूर ही रहा है। इन खिलाड़ियों में कुछ ऐसे नाम शामिल हैं, जो आईपीएल 2026 में अपने इस सूखे को खत्म करने की उम्मीद लेकर मैदान पर उतरेंगे। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत इस सूची में प्रमुख हैं, जिन्होंने 125 मैच खेलने के बावजूद अब तक फाइनल जीतने का स्वाद नहीं चखा है। वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल हैं और इस बार लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी करते हुए टीम को चैंपियन बनाने की कोशिश करेंगे। इसी तरह युजवेंद्र चहल, जो लीग के सबसे सफल गेंदबाजों में गिने जाते हैं, 174 मैच खेलने के बावजूद खिताब नहीं जीत सके हैं। संजू सैमसन भी 177 मुकाबले खेलने के बाद अब तक ट्रॉफी से दूर हैं और इस बार चेन्नई सुपर किंग्स के साथ किस्मत बदलने की उम्मीद में हैं। भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल, जिन्होंने 145 मैच खेले हैं, अभी तक किसी विजेता टीम का हिस्सा नहीं बन पाए हैं। अक्षर पटेल और संदीप शर्मा जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी 100 से अधिक मैच खेलने के बावजूद आईपीएल ट्रॉफी से वंचित हैं। इन सभी के पास आगामी सीजन में इतिहास बदलने का मौका रहेगा। वहीं, कुछ दिग्गज ऐसे भी हैं जिनका यह सपना अधूरा ही रह गया। एबी डिविलियर्स ने 184 मैचों में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन वह कभी चैंपियन टीम का हिस्सा नहीं बन सके। अमित मिश्रा, जो आईपीएल में तीन हैट्रिक लेने वाले इकलौते गेंदबाज हैं, उन्हें भी यह उपलब्धि हासिल नहीं हुई। क्रिस गेल जैसे विस्फोटक बल्लेबाज और ग्लेन मैक्सवेल जैसे मैच विनर खिलाड़ी भी इस लीग में ट्रॉफी नहीं जीत पाए। इस तरह आईपीएल का इतिहास कई ऐसे बड़े नामों का गवाह है, जिनकी चमकदार उपलब्धियों के बावजूद ट्रॉफी का सपना अधूरा रह गया। डेविड/ईएमएस 27 मार्च 2026