राज्य
27-Mar-2026
...


- आरोप है कि स्कूल ने बढ़ी हुई फीस न चुकाने पर 40 से अधिक छात्रों को नाम काटने के नोटिस जारी कर दिए नई दिल्ली (ईएमएस)। मयूर विहार फेज-3 स्थित एक निजी स्कूल फिर फीस बढ़ोतरी को लेकर विवादों में है। आरोप है कि स्कूल ने बढ़ी हुई फीस न चुकाने पर 40 से अधिक छात्रों को नाम काटने के नोटिस जारी कर दिए हैं। साथ ही छात्रों के रिजल्ट भी रोक दिए गए हैं और अभिभावकों की शिकायतों का कोई जवाब नहीं दिया जा रहा। अभिभावकों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों में बिना शिक्षा निदेशालय की अनुमति के करीब 57 प्रतिशत तक फीस बढ़ाई गई है। विरोध करने पर स्कूल प्रशासन छात्रों को कक्षा में बैठने से रोकने और घर भेजने जैसे कदम उठा रहा है। इस मामले में कई अभिभावकों ने शिक्षा निदेशालय में शिकायत दर्ज कराई है, जबकि कुछ ने कोर्ट में भी याचिका दायर की है। उसके बाद से स्कूल नाम काटने, रिजल्ट रोकने, कक्षा में न बैठने देने और स्कूल से छात्रों को लौटा देने जैसे कई कदम उठा चुका है। शिक्षा निदेशालय की ओर से स्कूल को ऐसा न करने की चेतावनी के कई नोटिस जारी होने के बावजूद स्कूल अपनी मनमानी पर अड़ा हुआ है। स्कूल के इस व्यवहार से परेशान अभिभावकों ने 27 मार्च को सुबह स्कूल के बाहर प्रदर्शन का आह्वान किया है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/27/ मार्च/2026