क्षेत्रीय
27-Mar-2026
...


- उपभोक्ता मंच अवमानना याचिका दायर करेगा जबलपुर, (ईएमएस)। शहर का यातायात अराजक हो चुका है| यातायात पुलिस का अमला चिरनिद्रा में लीन है| भगवान भरोसे पूरी व्यवस्था चल रही है| यातायात पुलिस यदाकदा हेलमेट या सीट बेल्ट के नाम पर जुर्माने की रस्म अदायगी करती नजर आती हैं नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच के सदस्यों ने यह मुद्दा उठाते हुए बताया कि उनके द्वारा विगत 8 वर्षों में पुलिस को उपरोक्त समस्या के संदर्भ में 5 से ज्यादा ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं परन्तु कोई भी उचित कार्यवाही पुलिस द्वारा नहीं की गई। मंच ने कहा है कि इसके पूर्व मप्र हाईकोर्ट द्वारा भी यातायात नियमों के संर्दभ में दिशा निर्देश दिए गए उनका भी पालन नदारद है| लिहाजा अब मंच हाईकोर्ट में अवमानना याचिका दायर करेगा। प्रांतीय संयोजक नागरिक उपभोक्ता मंच के मनीष शर्मा ने बताया कि शहर में तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इस समय ऐसे बाईकों का चलन बढ़ गया है जिसके साइलेंसर जरूरत से ज्यादा आवाज़ कर रहे हैं और उनमें से ऐसी धमाकेदार आवाज़ उत्पन्न की जाती है कि राहगीर डर जाते हैं यह मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों तथा कोलाहल नियंत्रण कानून का खुला उल्लंघन है परंतु पुलिस इनपर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है ,वही नाबालिक वाहन चालकों का आतंक सर चढ़कर बोल रहा है। मनीष शर्मा ने बताया कि उनके द्वारा 8 वर्ष पूर्व में उच्च न्यायालय में उपरोक्त मुद्दे पर याचिका दायर की थी न्यायालय द्वारा दिशा निर्देश जारी किए गए परन्तु पुलिस प्रशासन द्वारा पालन नहीं किया जा रहा है। मंच के प्रफुल्ल सक्सेना, बृजेश चतुर्वेदी, राकेश चक्रवर्ती, अशोक कोस्टा, संतोष वर्मा, मुन्ना राय, जितेंद्र श्रीवास, संतोष मार्को,मयंक राज, अंकित गोस्वामी, गोपाल पाराशर, सेवेंद्र बर्मन, रवेंद्र बर्मन, अनुराग मार्को आदि सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि मंच अब न्यायालय के दिशा निर्देशों की अनदेखी करने के ख़िलाफ़ अवमानना याचिका दायर करेगा। सुनील साहू / मोनिका / 27 मार्च 2026