क्षेत्रीय
27-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय (केंद्रीय विश्वविद्यालय) के समाज कार्य विभाग ने 26 मार्च को बाल विशेष सेवाएं विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का थीम था भिक्षावृत्ति में संलग्न बच्चों के लिए विशेष सेवाएं। उद्घाटन समारोह के मुख्य संरक्षक और कुलपति प्रो. आलोक कुमार चक्रवाल ने कहा कि भिक्षावृत्ति केवल सामाजिक समस्या नहीं, बल्कि संगठित व्यवस्था का रूप ले चुकी है। उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से स्थायी समाधान पर जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलसचिव प्रो. ए.के. दीक्षित ने की, जिन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय जैसे शैक्षणिक संस्थानों को जागरूकता और सामाजिक सहभागिता से सकारात्मक परिवर्तन लाने में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। विशिष्ट अतिथि डॉ. सोमनाथ यादव ने गरीबी, अशिक्षा और सामाजिक असमानताओं को भिक्षावृत्ति के मूल कारण बताया और बच्चों के सुरक्षित वातावरण, शिक्षा और रोजगार की आवश्यकता पर बल दिया। डॉ. विनय कुमार पाठक ने शिक्षा को स्थायी समाधान बताते हुए बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। तकनीकी सत्र में विशेषज्ञों ने छात्रों को बाल भिक्षावृत्ति रोकने और मुख्यधारा से जोडऩे के उपायों पर प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी, संरक्षण अधिकारी, अधिवक्ता और विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और प्रतिमा पूजन से हुआ। अतिथियों को पौधा, शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अर्चना यादव ने किया, जबकि मंच संचालन डॉ. मोहिनी गौतम ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षकगण उपस्थित रहे। मनोज राज 27 मार्च 2026