बिलासपुर (ईएमएस)। एक पल की लापरवाही ने एक परिवार का सहारा छीन लिया। सीपत थाना क्षेत्र में रेत ढोकर लौट रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक मौत का जाल बन गई, जब संतुलन बिगडऩे से एक युवक नीचे गिरा और पहिए के नीचे आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम डंगनिया (खैरा) निवासी 30 वर्षीय महेन्द्र कश्यप 24 मार्च की दोपहर अन्य मजदूरों के साथ खारून नदी घाट पर रेत लेने गया था। रोज की तरह काम खत्म कर शाम करीब 5 बजे सभी मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत भरकर लौट रहा था। इसी दौरान चालक द्वारा तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। झटके के बीच महेन्द्र कश्यप खुद को संभाल नहीं सका और ट्रॉली से नीचे गिर पड़ा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, ट्रैक्टर के पहिए की चपेट में आ गया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर मचा कोहराम हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक मेहनतकश युवक की यूं असमय मौत ने हर किसी को झकझोर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। गवाहों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण और साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि हादसा चालक की लापरवाही का परिणाम था। इसके बाद सीपत थाना पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। मनोज राज 27 मार्च 2026