-आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज - प्रभारी आरआई देवेंद्र जैन ने नक्शा सुधार के लिए 5 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी शिवपुरी (ईएमएस)। शिवपुरी में लोकायुक्त टीम ने छापा मारकर पोहरी के प्रभारी आरआई (राजस्व निरीक्षक) को रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। लोकायुक्त ग्वालियर की टीम ने यह कार्रवाई शिवपुरी के सिद्धेश्वर कॉलोनी में स्थित प्रभारी आरआई के मकान पर की है। यहां पर रिश्वत के पैसे लिए जाने थे और यहां पर नक्शा सुधार के नाम पर किसान को घर पर बुलाया गया था। इसी दौरान लोकायुक्त ने योजना बनाकर प्रभारी आरआई को रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। 5 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी- बताया जाता है कि जिले की पोहरी तहसील के मचकला गांव निवासी किसान ब्रखभान धाकड़ ने ग्वालियर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। किसान का आरोप था कि उसकी जमीन के नक्शे में गड़बड़ी हो गई इसके कारण जब उन्होंने इसे सुधार के लिए संपर्क किया तो उसने एसडीएम कार्यालय पोहरी में आवेदन किया था। एसडीएम न्यायालय से फाइल पोहरी तहसील पहुंचने पर प्रभारी आरआई देवेंद्र जैन ने नक्शा सुधार के लिए 5 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। बाद में यह सौदा 4 हजार रुपए में तय हुआ, जिसमें से किसान ब्रखभान धाकड़ पहले ही 1 हजार रुपए दे चुका था। इसके बावजूद, अधिकारी ने काम नहीं किया और किसान को लगातार परेशान करता रहा। घर पर दो हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा आरआई- किसान ने बताया कि जब उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई तो उसने इस मामले में लोकायुक्त में शिकायत की थी। 24 मार्च को जब आरोपी ने दोबारा रिश्वत की मांग की, तो किसान ने बातचीत रिकॉर्ड कर ली और उसे लोकायुक्त टीम को सौंप दिया। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत, किसान शुक्रवार को 2 हजार रुपए लेकर आरोपी आरआई के सिद्धेश्वर कॉलोनी स्थित घर पहुंचा। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया। रंजीत गुप्ता/27/03/2026