क्षेत्रीय
27-Mar-2026
...


- अंतिम संचालन अनुमति का इंतजार, उद्योग और घरेलू उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ जबलपुर, (ईएमएस)। शहर के लिए बड़ी राहत और विकास से जुड़ी खबर है। नागपुर–जबलपुर गैस पाइपलाइन परियोजना में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। करीब 317 किलोमीटर लंबी इस पाइपलाइन का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अब इसके संचालन के लिए अंतिम अनुमति का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि स्वीकृति मिलते ही पाइपलाइन से गैस आपूर्ति शुरू की जा सकेगी। इस पाइपलाइन के चालू होने से जबलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में प्राकृतिक गैस की बिना रुके आपूर्ति संभव हो सकेगी। इससे स्थानीय उद्योगों को सस्ती और स्वच्छ ईंधन सुविधा मिलेगी। साथ ही शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस के माध्यम से घरों तक रसोई गैस पहुंचाने का रास्ता भी साफ होगा। जानकारों का कहना है कि गैस उपलब्ध होने से छोटे और मध्यम उद्योगों की उत्पादन लागत कम होगी, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं। सुरक्षा और तकनीकी परीक्षण जारी … सूत्रों के अनुसार, पाइपलाइन का प्रेशर टेस्ट और सुरक्षा से जुड़े तकनीकी परीक्षण पूरे किए जा रहे हैं। संबंधित विभागों से अंतिम संचालन स्वीकृति मिलना बाकी है। स्वीकृति मिलते ही चरणबद्ध तरीके से गैस सप्लाई शुरू की जाएगी। रेलवे और औद्योगिक उपयोग भी संभव … परियोजना से रेलवे और बड़े औद्योगिक उपभोक्ताओं को भी लाभ मिलने की संभावना है। इससे पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम होगी और लागत में कमी आएगी। अधिकारियों का कहना है कि सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही जबलपुर को प्राकृतिक गैस नेटवर्क से जोड़ दिया जाएगा। शहरवासियों को अब इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के जल्द शुरू होने का इंतजार है। पर्यावरण के लिए भी फायदेमंद … प्राकृतिक गैस को कोयला और डीजल की तुलना में कम प्रदूषण फैलाने वाला ईंधन माना जाता है। पाइपलाइन शुरू होने से शहर में प्रदूषण स्तर कम करने में मदद मिल सकती है। नगर विकास से जुड़े अधिकारियों का मानना है कि यह परियोजना जबलपुर को स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ाएगी। सुनील साहू / शहबाज / 27 मार्च 2026