क्षेत्रीय
27-Mar-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। आईडीबीआई बैंक में फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पहले से दर्ज मामले की जांच के दौरान की गई। मिली जानकारी के अनुसार, 5 मार्च 2026 को प्रार्थी नरेंद्र कुमार वर्मा 38 वर्ष निवासी सिलतरा, थाना धरसींवा ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी राजा खुंटें 35 वर्ष के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले, जिनमें एफडी पेपर, बैंक काउंटर रसीद, म्युचुअल बॉन्ड दस्तावेज शामिल हैं। आईडीबीआई बैंक शाखा चरोदा से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर मामले में धारा 467, 468 और 471 भी जोड़ी गई। आगे की जांच में मामले में संलिप्त दो अन्य आरोपी तोप सिंह वर्मा 49 वर्ष, संचालक वर्मा प्रिंटर्स एंड कंप्यूटर, धरसींवा बलराम साहू 25 वर्ष, निवासी धरसींवा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंकिंग प्रणाली के दुरुपयोग से जुड़ा है। मामले में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/27 मार्च 2026