हाथरस (ईएमएस)। रामनवमी के अवसर पर शहर में 144 वर्ष पुरानी परंपरा के तहत मूंछों वाले रामचंद्र जी महाराज की भव्य शोभायात्रा चामड़ गेट से निकाली गई। तिमंजिला रथ पर विराजमान रामचंद्र जी महाराज ने नगर भ्रमण किया। शोभायात्रा को लेकर आयोजकों द्वारा भव्य तैयारियां की गई थीं।यह प्राचीन शोभायात्रा बाग बैनीराम स्थित ठाकुर श्रीकृष्ण चंद्र जी महाराज मंदिर के अंतर्गत प्रबंधक तुलसी प्रसाद पोद्दार के सानिध्य में आयोजित हुई। उन्होंने बताया कि इस मेले की शुरुआत वर्ष 1882 में सेठ बैनीराम पोद्दार ने वृंदावन से प्रेरणा लेकर की थी। उसी समय भव्य रथ का निर्माण कराया गया था और तभी से यह परंपरा निरंतर चली आ रही है। यह आयोजन शहर के प्राचीनतम मेलों में शामिल है।ट्रस्टी पुनीत पोद्दार और तरुण पोद्दार ने बताया कि यह सर्वसमाज का मेला है, जिसमें सभी वर्गों की सहभागिता रहती है। शोभायात्रा का शुभारंभ शाम करीब पांच बजे गमेल वाली बगीची, चामड़ गेट से हुआ और यह शहर के प्रमुख मार्गों से होकर बाग बैनीराम पहुंची, जहां से पुनः चामड़ गेट पर आकर संपन्न हुई।शोभायात्रा में उस्ताद किशनलाल शर्मा के सानिध्य में माता काली का स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहा, वहीं मुन्नालाल शर्मा एडवोकेट के निर्देशन में शस्त्र विद्या का प्रदर्शन भी किया गया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ईएमएस / 27 मार्च 2026