क्षेत्रीय
27-Mar-2026


हाथरस (ईएमएस)। भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर 30 मार्च को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग को लेकर अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने जिलाधिकारी अतुल वत्स को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एन एक्ट के तहत 30 मार्च को अवकाश घोषित किए जाने का आग्रह किया गया है।ज्ञापन में कहा गया है कि सरकारी कैलेंडर में महावीर जयंती का अवकाश 31 मार्च को निर्धारित है, जबकि अलीगढ़ मंडल सहित कई स्थानों पर शोभायात्रा 30 मार्च को निकाली जा रही है। पूरे देश में अधिकांश स्थानों पर 30 मार्च को ही महावीर जयंती मनाई जा रही है, जबकि कुछ जिलों में 31 मार्च को आयोजन प्रस्तावित है।उमाशंकर जैन ने कहा कि सरकार ने अष्टमी और रामनवमी पर दो दिन का अवकाश घोषित कर सकारात्मक पहल की है, उसी प्रकार अहिंसा और शांति का संदेश देने वाले भगवान महावीर स्वामी की जयंती पर भी 30 मार्च को अवकाश घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि यदि अवकाश घोषित नहीं हुआ तो सरकारी कर्मचारी, अधिकारी और विद्यार्थी शोभायात्रा में शामिल नहीं हो सकेंगे।दो दिवसीय महोत्सव के तहत 29 मार्च को माहेश्वरी धर्मशाला में ‘एक शाम महावीर के नाम’ कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि 30 मार्च को प्रातः 9 बजे से नयागंज स्थित भगवान नेमिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जन्म कल्याणक महोत्सव पर सभी जैन मंदिरों को सजाया जाएगा तथा शहर में 24 तीर्थंकरों के नाम से स्वागत द्वार बनाए जाएंगे।ज्ञापन देने वालों में अनिल जैन, राकेश जैन, अमित जैन, कमलेश जैन, सुधीर जैन, संजीव जैन, विवेक जैन, गगन जैन, जितेंद्र जैन, आशीष जैन, कपिल जैन, सौरभ जैन, ललित जैन, संजीव लुहाड़िया, धरणेंद्र कुमार जैन, पवन जैन, धन्यकुमार सोगानी, उमेश चंद्र जैन, धीरज जैन, धर्मेंद्र जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। ईएमएस / 27 मार्च 2026