राष्ट्रीय
27-Mar-2026


कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल की चुनावी लड़ाई में अब मछली ने तड़का लगा दिया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक दिन पहले आरोप लगाया था कि बीजेपी बंगाल के लोगों के मछली खाने पर रोक लगा देगी। इसके बाद बीजेपी के एक उम्मीदवार ने 5 किलो वजनी कटला फिश के साथ चुनाव प्रचार शुरू कर दिया और संदेश दिया कि बीजेपी बंगाल के लोगों के मछली खाने के खिलाफ नहीं है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को बीरभूम में रैली को संबोधित करते हुए कहा था, ये लोग (बीजेपी) आपको मछली नहीं खाने देंगे। आप अंडा, मीट कुछ नहीं खा पाएंगे और न ही बांग्ला बोल पाएंगे। अगर आपने ऐसा किया तो ये आपको बांग्लादेशी घोषित कर देंगे। टीएमसी के इस दांव की काट के तौर पर विधाननगर से बीजेपी के उम्मीदवार डॉ। शारद्वत मुखर्जी ने प्रचार का ऐसा तरीका अपनाया, जिसने सबका ध्यान खींचा। वह 5 किलो की कतला मछली लेकर घूमते नजर आए। यह कवायद ममता के उस नैरेटिव को गलत साबित करने के लिए थी, जिसमें जिसमें कहा जा रहा है कि अगर बीजेपी सत्ता में आई तो बंगाल के खान-पान पर पाबंदी लगा देगी। मछली प्रचार के जरिए अब बीजेपी यह संदेश देने में जुट गई है कि वह बंगाली पहचान और लोगों के मछली प्रेम के खिलाफ नहीं है। सुबोध/२७ -०३-२०२६