क्षेत्रीय
27-Mar-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशन में जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान सतत संचालित है, जिसके अंतर्गत जल स्रोतों की साफ-सफाई, गहरीकरण एवं बोरीबंधान जैसे कार्य जिला पंचायत सीईओ अभिषेक सराफ के मार्गदर्शन में किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रामनवमी के पावन अवसर पर नवांकुर संस्था रक्षिका शौर्य शक्ति फाउंडेशन के नेतृत्व में नगरीय क्षेत्र बालाघाट के वार्ड क्रमांक 32 मोती नगर झांसी रानी चौक में जल मंदिर (प्याऊ) का उद्घाटन किया गया। बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए जल सेवा, मानव सेवा के पुनीत उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था की अध्यक्ष जयश्री सोनवाने ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। उद्घाटन समारोह पार्षद राज हरिनखेड़े, जिला समन्वयक सुशील बर्मन एवं विकासखंड समन्वयक बैजंती कटरे की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद से परामर्शदाता वर्षा परिहार, मालती बिसेन, हरेंद्र यादव सहित नवांकुर संस्था की अध्यक्ष जयश्री सोनवाने, आशा नामदेव, प्रभा ठाकुर एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बढ़ती गर्मी के बीच ऐसे जल मंदिर आमजन के लिए राहत का माध्यम बनते हैं। साथ ही सभी से जल के संरक्षण एवं विवेकपूर्ण उपयोग की अपील की गई, ताकि आने वाली पीढिय़ों के लिए जल सुरक्षित रखा जा सके। भानेश साकुरे / 27 मार्च 2026