राज्य
27-Mar-2026
...


सुंदरकांड पाठ से श्री राम जन्मोत्सव का शुभारंभ जबलपुर, (ईएमएस)। श्री रामलीला समिति गढ़ा जबालिपुरम् के तत्वावधान में आयोजित 36वें श्री राम जन्मोत्सव का प्रथम दिवस श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सांय 5:00 बजे बघेली रामायण मंडल के पंडित सुरेश तिवारी, शिवेंद्र शुक्ला, सुखलेश पाठक, अनिल दुबे, केशव प्रसाद मिश्रा एवं साथियों द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ से किया गया, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात सांय 7:30 बजे समिति के संचालक पंडित अशोक मनोध्याय, अध्यक्ष राजेंद्र प्यासी,निर्देशक राजेश मिश्रा, मंत्री डॉ. भूपेंद्र उपाध्याय, कार्यकारी अध्यक्ष अशोक बघेल “दादाभाई” एवं राकेश पाठक द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर नारद मोह की लीला का विधिवत शुभारंभ किया गया। अपने उद्बोधन में पंडित अशोक मनोध्याय ने कहा कि भगवान श्रीराम के जन्म के पीछे के कारणों को समझना अत्यंत महत्वपूर्ण है, और नारद मोह की लीला उसी दिव्य उद्देश्य पर प्रकाश डालती है। लीला में भगवान नारद, विष्णु, लक्ष्मी, कामदेव, शंकर एवं इंद्र की भूमिकाओं में मोती शिवहरे, सृजन शुक्ला, अंबेश उपाध्याय, नमन त्रिपाठी, श्याम मिश्रा एवं नितिन पटेल ने अपने सशक्त अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर हरीश मनोध्याय, नीलेश चौबे, नीरज दुबे, हनुमत सिंह रघुवंशी, मुकेश मिश्रा, गनपत कोस्टा, नरेश मिश्रा, एडवोकेट अरुण दीक्षित, हनुमंत सिंह रघुवंशी, राकेश मिश्रा सहित धनवंतरी नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आज 28 मार्च को सांय 7:00 बजे जगतगुरु नरसिंह पीठाधीश्वर पूज्य डॉ. स्वामी नरसिंह देवाचार्य महाराज की संत अर्चना, मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह के मुख्य आतिथ्य एवं वरिष्ठ समाजसेवी इंजीनियर सुधीर रंजन दुबे की अध्यक्षता में भगवान श्रीराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा धनवंतरी नगर साईं कॉलोनी गेट से प्रारंभ होकर मडफया पुरवा, पंडा की मड़िया, गढ़ा बाजार होते हुए सिद्ध मंच गढ़ा रामलीला मैदान में संपन्न होगी। सुनील साहू / शहबाज/ 27 मार्च 2026/ 09.00