:: भीषण गर्मी में राहगीरों को मिलेगा शीतल जल; पं. दीपेश व्यास की गरिमामय उपस्थिति में हुआ आयोजन :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर में भीषण गर्मी की दस्तक के साथ ही राहगीरों को राहत देने के लिए सेवा कार्यों ने गति पकड़ ली है। इसी कड़ी में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने जलमित्र अभियान के अंतर्गत गोल्ड गार्डन सेवा ट्रस्ट द्वारा दशरथ सेवाश्रम परिसर में स्थापित नवीन प्याऊ का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में रणजीत हनुमान मंदिर के मुख्य पुजारी पं. दीपेश व्यास विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर महापौर भार्गव ने कहा कि चिलचिलाती धूप में राहगीरों को शीतल जल उपलब्ध कराना सेवा का सबसे सरल और पवित्र रूप है। उन्होंने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास न केवल लोगों की प्यास बुझाएगा, बल्कि मानव सेवा के उन संस्कारों को भी और अधिक मजबूत करेगा, जो इंदौर की असली पहचान और संस्कृति का हिस्सा हैं। महापौर ने शहरवासियों से भी अपील की कि वे अपने स्तर पर ऐसे छोटे-छोटे प्रयासों से समाज में बड़े और सकारात्मक बदलाव लाने के सहभागी बनें। :: मंदिर प्रशासक भी रहे मौजूद :: इस पुनीत कार्य के शुभारंभ अवसर पर रणजीत हनुमान मंदिर के प्रशासक एनएस राजपूत भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने जल सेवा को ईश्वरीय कार्य बताते हुए ट्रस्ट के प्रयासों को सराहा। जलमित्र अभियान के तहत शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी इसी तरह की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि गर्मी के मौसम में आमजन को पेयजल के लिए भटकना न पड़े। प्रकाश/27 मार्च 2026