राज्य
27-Mar-2026
...


:: कल सीएम करेंगे चतुर्थ चरण का शिलान्यास: 400 एमएलडी अतिरिक्त पानी और 40 नए टैंकों से सजेगा शहर का जल-संसाधन :: इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता में सात आसमान छूने के बाद अब इंदौर वॉटर सरप्लस सिटी बनने की ओर ऐतिहासिक कदम बढ़ा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव शनिवार, 29 मार्च को दशहरा मैदान से 1356 करोड़ रुपए की उस महा-परियोजना का शिलान्यास करेंगे, जो इंदौर के हर घर में 24x7 (चौबीसों घंटे) निर्बाध जलापूर्ति का सपना सच करेगी। अमृत 2.0 और नर्मदा चतुर्थ चरण के इस शिलान्यास के साथ ही सिरपुर में नवनिर्मित 20 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी प्लांट का लोकार्पण भी होगा, जो शहर के जल पुनर्चक्रण को नई मजबूती देगा। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि परियोजना के पैकेज-2 के तहत वांचू पॉइंट से राऊ सर्कल तक 2235 मिमी व्यास की लगभग 39 किलोमीटर लंबी विशाल ग्रेविटी मेन पाइपलाइन बिछाई जाएगी। पानी के निर्बाध प्रवाह के लिए पहाड़ी इलाकों में तीन स्थानों पर 2870 मीटर लंबी आधुनिक टनल का निर्माण होगा। यह ढांचा 448.23 करोड़ की लागत से 30 माह में तैयार होगा, जिससे शहर को 400 एमएलडी अतिरिक्त पानी की सुरक्षा मिलेगी। राऊ सर्कल पर क्लोरीनेशन सिस्टम से जल की शुद्धता भी सुनिश्चित की जाएगी। :: 2.70 लाख घरों में लगेंगे वाटर मीटर :: जल वितरण तंत्र को अभेद्य बनाने के लिए शहर में 40 नए ओवरहेड टैंक बनाए जाएंगे और 76 पुराने टैंकों का कायाकल्प होगा। नए टैंक रेवती, लवकुश विहार, गांधी नगर और निरंजनपुर मंडी जैसे क्षेत्रों में स्थापित होंगे। पूरी प्रणाली की स्कॉडा आधारित स्मार्ट मॉनिटरिंग की जाएगी, जिससे लीकेज और पानी की बर्बादी पर रियल-टाइम कंट्रोल होगा। योजना के तहत 2.47 लाख नए घरेलू कनेक्शन और 2.70 लाख स्मार्ट वाटर मीटर लगाए जाएंगे, जिससे वितरण प्रणाली पारदर्शी बनेगी। :: शहर के साथ 29 गांवों की भी बुझेगी प्यास :: इस योजना की धमक शहर की सीमाओं से परे 29 गांवों तक सुनाई देगी। रेवती, बरदरी, भौरांसला, कुमेड़ी और पालदा जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में अब नर्मदा का शुद्ध जल घर-घर पहुंचेगा। लगभग 907.73 करोड़ रुपए के इस विशेष पैकेज से हजारों ग्रामीण परिवारों का जीवन स्तर बदलेगा। परियोजना पूर्ण होने के बाद इंदौर की जल वितरण प्रणाली इतनी प्रभावी हो जाएगी कि नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित जल की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित होगी। प्रकाश/27 मार्च 2026