जबलपुर, (ईएमएस)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में जबलपुर को देश के शीर्ष शहरों में शामिल करने के लिए नगर निगम, जबलपुर अब पूरी तरह से सक्रिय है। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने कहा कि स्वच्छता अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि काम जमीन पर दिखना चाहिए। समीक्षा बैठक के दौरान निगमायुक्त ने ’टीम वर्क’ पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि स्वच्छता केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य, जल, लोककर्म, उद्यान और वर्कशॉप जैसे सभी महत्वपूर्ण विभागों को आपसी समन्वय के साथ एक ईकाई के रूप में कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि शहर की सुंदरता और सफाई एक साझा लक्ष्य है। जब सभी विभाग मिलकर प्रयास करेंगे, तभी हम रैंकिंग में सुधार कर पाएंगे। निगमायुक्त ने सभी संभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि फील्ड में उतरकर ’सिटी प्रोफाइल’ के कार्यों का सूक्ष्म निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि सड़कों की सफाई से लेकर कचरा संग्रहण और सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था को अपनी आंखों से देखें और जहां भी कमी मिले, उसे तत्काल दुरुस्त कराएं। सुनील साहू / शहबाज/ 27 मार्च 2026/ 09.00