बालाघाट (ईएमएस). मध्यप्रदेश शासन, स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जिले में 29 एवं 30 मार्च को शासकीय सांदीपनि विद्यालय (सीएम राइज स्कूल) बालाघाट में जिला स्तरीय एक दिवसीय पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला प्रतिदिन सुबह 10 से सायं 6 बजे तक संचालित रहेगा। कलेक्टर मृणाल मीना ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को निर्देशित किया है कि इस मेले का लाभ जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं उनके पालकों व अभिभावकों को दिलाएं। जिला शिक्षा अधिकारी अश्विनी कुमार उपाध्याय ने बताया कि इस पुस्तक मेले में पुस्तक विक्रेता, गणवेश विक्रेता एवं स्टेशनरी विक्रेता अपने-अपने स्टॉल लगाएंगे। मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के स्थानीय प्रतिष्ठानों के माध्यम से बच्चों को सुलभ एवं वास्तविक दरों पर पुस्तकें, गणवेश, स्टेशनरी, जूते-मोजे सहित अन्य स्कूल सामग्री उपलब्ध कराना है, ताकि अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े। शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों सहित सभी विकासखंडों के बीआरसी को निर्देशित किया गया है कि वे अधिक से अधिक पालकों तक इस मेले की जानकारी पहुंचाकर उन्हें इसका लाभ दिलाएं। इस संबंध में जिले के सभी अशासकीय (निजी) विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के पालक/अभिभावकों को भी अपने बच्चों के लिए आवश्यक सामग्री सुलभ दरों पर क्रय करने हेतु आमंत्रित किया गया है। पुस्तक मेले में निजी स्कूलों की पाठ्यपुस्तकें, गणवेश एवं स्टेशनरी निर्धारित एवं वास्तविक दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, बीआरसी, एवं निजी विद्यालयों के प्राचार्य/संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने विद्यालयों के व्हाट्सएप समूह एवं अन्य माध्यमों से मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, जिससे अधिक से अधिक अभिभावक मेले में उपस्थित होकर इसका लाभ उठा सकें। भानेश साकुरे / 27 मार्च 2026 ----------------