राज्य
27-Mar-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। नगर निगम विभिन्न करों के भुगतान पर दी जा रही विशेष छूट की समय-सीमा समाप्त होने में अब मात्र 4 दिन शेष रह गए हैं। करदाताओं के उत्साह और सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने निगम के सभी कैश काउंटरों को सुबह 8ः00 बजे से रात्रि 8ः00 बजे तक खोलने के आदेश जारी किए हैं। आयोजित समीक्षा बैठक में निगमायुक्त श्री अहिरवार ने राजस्व, जल, बाजार, स्वास्थ्य, कॉलोनी सेल और भवन शाखा के अधिकारियों को वसूली अभियान में और अधिक गति लाने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति के पूर्व प्रत्येक विभाग अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करें और नागरिकों को शासन की छूट संबंधी योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुँचाना सुनिश्चित करें। निगमायुक्त ने कहा कि कामकाजी नागरिकों की सुविधा के लिए अब देर रात तक काउंटर खुले रहेंगे, ताकि वे कार्यालयीन समय के पश्चात भी आसानी से कर जमा कर सकें। निगमायुक्त श्री अहिरवार ने बताया कि समय पर कर भुगतान करने वाले नागरिकों को नियमानुसार अधिभार में भारी छूट का लाभ दिया जा रहा है। निगमायुक्त ने निर्देश दिए हैं कि भवन शाखा और बाजार विभाग के अधिकारी सघन भ्रमण करें और बड़े बकायादारों से संपर्क कर वसूली सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि काउंटरों पर भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त अमला तैनात किया गया है ताकि वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को बकाया करों की राशि जमा करने कोई असुविधा न हो। सुनील साहू / शहबाज/ 27 मार्च 2026/ 09.00