सितारगंज (ईएमएस)। सितारगंज के श्री रामलीला ग्राउंड में आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दुग्ध उत्पादक गोष्ठी का आयोजन बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा (पशुपालन मंत्री) शामिल हुए। उनके आगमन पर आयोजकों और क्षेत्रवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने किसानों, खासकर दुग्ध उत्पादकों को बड़ी सौगात देते हुए दूध के मूल्य में रु. 2 की बढ़ोतरी की घोषणा की, जिससे क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मातृशक्ति हमारे समाज की रीढ़ है और महिलाओं का योगदान हर क्षेत्र में सराहनीय है। पशुपालन महिलाओं के लिए एक मजबूत “साइड बिजनेस” के रूप में उभर रहा है जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार का बेहतर तरीके से पालन-पोषण कर सकती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बैंक के माध्यम से ऋण सुविधा भी उपलब्ध करा रही है, ताकि महिलाएं अपना खुद का व्यवसाय आसानी से शुरू कर सकें, साथ ही मंत्री ने गर्व के साथ कहा कि देश की मातृशक्ति आज सिर्फ घर तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की सीमाओं पर भी तैनात रहकर देश की रक्षा कर रही है। उत्तराखंड के निर्माण में भी महिलाओं की अहम भूमिका रही है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं और दुग्ध उत्पादकों में खासा उत्साह देखने को मिला। अंत में सभी ने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का संकल्प लिया। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/27 मार्च 2026