खेल
28-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। क्रिकेट में एक ओवर की छह गेंदें अक्सर मैच का रुख तय कर देती हैं, लेकिन जब क्रीज पर विस्फोटक बल्लेबाज हों तो यही छह गेंदें गेंदबाजों के लिए बुरे सपने में बदल जाती हैं। वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में कई ऐसे मौके आए हैं जब बल्लेबाजों ने एक ही ओवर में रन की बरसात कर रिकॉर्ड बुक्स में अपना नाम दर्ज करा लिया। इनमें कुछ ऐसे कारनामे भी शामिल हैं, जिन्हें देख पूरी दुनिया हैरान रह गई। सबसे पहले यह ऐतिहासिक उपलब्धि हर्शल गिब्स ने हासिल की थी। उन्होंने आईसीसी क्रिकेट विश्वकप 2007 में नीदरलैंड्स के खिलाफ एक ही ओवर में 6 छक्के जड़कर 36 रन बना दिए थे। यह कारनामा उन्होंने गेंदबाज डैन वैन बंज के ओवर में किया था और विश्व कप इतिहास में ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बने। इस रिकॉर्ड को कई साल बाद जसकरण मल्होत्रा ने दोहराया। उन्होंने 2021 में पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ एक ओवर में लगातार 6 छक्के लगाकर 36 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने नाबाद 173 रन की शानदार पारी भी खेली और अमेरिका के लिए यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बने। श्रीलंका के पूर्व ऑलराउंडर थिसारा परेरा भी इस सूची में प्रमुख नाम हैं। उन्होंने 2013 में दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर रॉबिन पीटरसन के एक ओवर में 35 रन ठोक दिए थे। इस ओवर में एक वाइड गेंद भी शामिल थी, जिसके कारण कुल 7 गेंदों में यह रन बने। दक्षिण अफ्रीका के महान बल्लेबाज एबी डिविलियर्स, जिन्हें ‘मिस्टर 360’ के नाम से जाना जाता है, ने भी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से इतिहास रचा। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ एक ओवर में 34 रन बनाए थे। इस ओवर में दो नो-बॉल शामिल थीं, जिसने रन की संख्या और बढ़ा दी। इसी मुकाबले में डिविलियर्स ने महज 31 गेंदों में शतक जड़कर एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया था। न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर जिमी नीशम ने भी इस सूची में जगह बनाई है। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 2018-19 में एक ओवर में 34 रन बटोरे। खास बात यह रही कि यह ओवर खुद थिसारा परेरा डाल रहे थे, जो इस लिस्ट में पहले से शामिल हैं। इन सभी पारियों ने यह साबित कर दिया कि क्रिकेट में एक ओवर भी मैच का पूरा पासा पलट सकता है। जब बल्लेबाज अपने चरम पर होते हैं, तो गेंदबाजों के पास सिर्फ तमाशा देखने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता। डेविड/ईएमएस 28 मार्च 2026