- बीसीसीआई ने जारी किया घरेलू सीजन 2026-27 का पूरा शेड्यूल नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारतीय टीम के घरेलू सीजन 2026-27 का शेड्यूल घोषित कर दिया है। इस सीजन में भारत कुल 17 शहरों में 22 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेगा और आस्ट्रेलिया समेत चार टीमों की मेजबानी करेगा। टीम इंडिया का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है। आईसीसी पुरुष टी20 विश्वकप 2026 के बाद खिलाड़ी सीधे इंडियन प्रिमियर लीग (आईपीएल) 2026 में हिस्सा लेंगे, जिसकी शुरुआत 28 मार्च से होगी। आईपीएल के बाद जून में भारतीय टीम एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की घरेलू सीरीज खेलेगी, जबकि जुलाई में उसे इंग्लैंड दौरे पर जाना है, जहां पांच टी20 और तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। इंग्लैंड दौरे से लौटने के बाद घरेलू सीजन का आगाज 27 सितंबर से वेस्ट इंडीज के खिलाफ सीरीज से होगा। इस दौरे में तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेले जाएंगे। वनडे मुकाबले त्रिवेंद्रम, गुवाहाटी और न्यू चंडीगढ़ में होंगे, जबकि टी20 मैच लखनऊ, रांची, इंदौर, हैदराबाद और बेंगलुरु में आयोजित किए जाएंगे। टीम की कप्तानी शुभमन गिल के हाथों में होगी। इसके बाद दिसंबर 2026 में श्रीलंका की टीम भारत दौरे पर आएगी। इस दौरान तीन वनडे और तीन टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। वनडे मैच दिल्ली, बेंगलुरु और अहमदाबाद में होंगे, जबकि टी20 सीरीज राजकोट, कटक और पुणे में आयोजित की जाएगी। नए साल 2027 की शुरुआत जिम्बाब्वे के दौरे से होगी। जिम्बाब्वे की टीम जनवरी में तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलने भारत आएगी, जिसके मुकाबले कोलकाता, हैदराबाद और मुंबई में खेले जाएंगे। यह सीरीज 3 जनवरी से 9 जनवरी तक चलेगी। सीजन का समापन प्रतिष्ठित बार्डर-गावस्कर ट्राफी के साथ होगा, जिसमें भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज का पहला मुकाबला 21 जनवरी 2027 से नागपुर में शुरू होगा, जबकि बाकी मैच चेन्नई, गुवाहाटी, रांची और अहमदाबाद में खेले जाएंगे। कुल मिलाकर, यह घरेलू सीजन भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद अहम और व्यस्त रहने वाला है, जिसमें फैंस को देश के अलग-अलग शहरों में हाई-वोल्टेज मुकाबले देखने को मिलेंगे। भारत का 2026-27 घरेलू सीजन का फुल शेड्यूल वेस्टइंडीज का भारत दौरा: 27 सितंबर: भारत बनाम वेस्टइंडीज, पहला वनडे, त्रिवेंद्रम 30 सितंबर: भारत बनाम वेस्टइंडीज, दूसरा वनडे, गुवाहाटी 3 अक्टूबर: भारत बनाम वेस्टइंडीज, तीसरा वनडे, मुल्लांपुर 6 अक्टूबर: भारत बनाम वेस्टइंडीज, पहला टी20, लखनऊ 9 अक्टूबर: भारत बनाम वेस्टइंडीज, दूसरा टी20, रांची 11 अक्टूबर: भारत बनाम वेस्टइंडीज, तीसरा टी20, इंदौर 14 अक्टूबर: भारत बनाम वेस्टइंडीज, चौथा टी20, हैदराबाद 17 अक्टूबर: भारत बनाम वेस्टइंडीज, पांचवां टी20, बेंगलुरु श्रीलंका का भारत दौरा: 13 दिसंबर: भारत बनाम श्रीलंका, पहला वनडे, नई दिल्ली 16 दिसंबर: भारत बनाम श्रीलंका, दूसरा वनडे, बेंगलुरु 19 दिसंबर: भारत बनाम श्रीलंका, तीसरा वनडे, अहमदाबाद 22 दिसंबर: भारत बनाम श्रीलंका, पहला टी20, राजकोट 24 दिसंबर: भारत बनाम श्रीलंका, दूसरा टी20, कटक 27 दिसंबर: भारत बनाम श्रीलंका, तीसरा टी20, पुणे जिम्बाब्वे का भारत दौरा: 3 जनवरी: भारत बनाम जिम्बाब्वे, पहला वनडे, कोलकाता 6 जनवरी: भारत बनाम जिम्बाब्वे, दूसरा वनडे, हैदराबाद 9 जनवरी: भारत बनाम जिम्बाब्वे, तीसरा वनडे, मुंबई ऑस्ट्रेलिया का भारत दौरा: 21-25 जनवरी: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, पहला टेस्ट, नागपुर 29 जनवरी-2 फरवरी: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, दूसरा टेस्ट, चेन्नई 11-15 फरवरी: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, तीसरा टेस्ट, गुवाहाटी 19-23 फरवरी: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, चौथा टेस्ट, रांची 27 फरवरी-3 मार्च: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, पांचवां टेस्ट, अहमदाबाद डेविड/ईएमएस 28 मार्च 2026