नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते रहे हैं, लेकिन गेंदबाजी में भी उन्होंने कई बार मैच का रुख बदला है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट हो या इंडियन प्रीमियर लीग, जब भी उन्हें गेंद थमाई गई, उन्होंने अपनी उपयोगिता साबित की। ऐसा ही एक ऐतिहासिक कारनामा उन्होंने आईपीएल 2009 में किया, जो आज तक कोई दोहरा नहीं सका है। आईपीएल का दूसरा सीजन 2009 में खेला गया था, जिसमें युवराज सिंह पंजाब किंग्स (तब किंग्स इलेवन पंजाब) का हिस्सा थे। उस सीजन में उन्होंने बल्ले से भी अहम योगदान दिया और 2 अर्धशतकों की मदद से 340 रन बनाए। हालांकि, असली इतिहास उन्होंने अपनी गेंदबाजी से रचा। युवराज सिंह ने उस सीजन में दो अलग-अलग मैचों में हैट्रिक लेने का अद्भुत कारनामा किया। उनकी पहली हैट्रिक रॉयल चेलेंजर बेंगलुरु के खिलाफ आई, जहां उन्होंने लगातार गेंदों पर रॉबिन उथप्पा, जैक्स कैलिस और मार्क बाउचर को आउट कर सभी को चौंका दिया। इसके बाद उन्होंने डेक्कन चार्ज के खिलाफ मुकाबले में दूसरी हैट्रिक ली, जिसमें हर्शल गिब्स, एंड्रयू साइमंड्स और वेणुगोपाल राव को पवेलियन भेजा। इस तरह युवराज सिंह आईपीएल इतिहास के पहले और अब तक इकलौते खिलाड़ी बन गए, जिन्होंने एक ही सीजन में दो हैट्रिक लेने का रिकॉर्ड बनाया। दिलचस्प बात यह है कि पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने कुल 20 ओवर गेंदबाजी की और 6 विकेट हासिल किए और ये सभी विकेट उनकी दोनों हैट्रिक में ही आए। युवराज का यह रिकॉर्ड आईपीएल के इतिहास में आज भी कायम है और इसे तोड़ पाना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं माना जाता। यह उपलब्धि उनके हरफनमौला खेल और बड़े मौकों पर प्रदर्शन करने की क्षमता को दर्शाती है। डेविड/ईएमएस 28 मार्च 2026