क्षेत्रीय
29-Mar-2026
...


जयवर्धन सिंह बोले— अबकी बार नगर पालिका में कांग्रेस का अध्यक्ष, समिति करेगी पार्षद उम्मीदवारों का चयन टॉस से चूके थे, अब मेहनत से जीतेंगे-जयवर्धन सिंह ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, रजनीश शर्मा बने गुना शहर के नए सेनापति गुना (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री , कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने राजीव भवन जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जिला समन्वय समिति की बैठक ली। इस दौरान गुना शहर कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष रजनीश शर्मा पिंकू को विधिवत पदभार ग्रहण कराया। स्थानीय राजीव गांधी कांग्रेस भवन में आयोजित एक गरिमामय समारोह और कार्यकर्ता बैठक के दौरान जयवर्धन सिंह ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का अगला मिशन वर्ष 2027 के नगरीय निकाय चुनाव हैं, जिसमें गुना नगर पालिका पर कांग्रेस का परचम लहराना रजनीश शर्मा का मुख्य लक्ष्य होगा। विरासत और युवा ऊर्जा का संगम कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जयवर्धन सिंह ने रजनीश शर्मा के परिवार के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्व. कैलाश शर्मा जिले के दिग्गज नेता और पूर्व विधायक रहे, जिन्होंने सदैव कांग्रेस की विचारधारा के अनुरूप जनसेवा की। उन्हीं के पदचिन्हों पर चलते हुए रजनीश शर्मा ने बहुत कम समय में अपनी मेहनत से जिले में अपनी पहचान बनाई है। श्री सिंह ने कहा, 4 साल पहले जब नगर पालिका के चुनाव हुए थे, तब रजनीश ने पूरी कुशलता दिखाई थी। हम केवल एक टॉस के माध्यम से पीछे रह गए थे, जबकि भाजपा तीसरे नंबर पर आई थी। अब समय आ गया है कि उस कमी को पूरा किया जाए। मिशन 2027, वार्ड स्तर पर मजबूती का मंत्र जयवर्धन सिंह ने नवमनोनित अध्यक्ष को वर्ष 2027 का लक्ष्य सौंपते हुए कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने रजनीश पर जो भरोसा जताया है, उसे जमीन पर उतरकर सिद्ध करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि नगर पालिका अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुँचने का रास्ता शहर के वार्डों और मोहल्लों से होकर गुजरता है। श्री सिंह ने निर्देश दिए कि हर वार्ड में संगठन की स्थिति को इतना मजबूत किया जाए कि आने वाले चुनावों में चयन समिति के माध्यम से हर सीट पर दमदार उम्मीदवार उतारा जा सके। सरकार की नीतियों पर साधा निशाना बैठक के दौरान जयवर्धन सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की मोहन यादव सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सरकारों की नीतियां पूरी तरह विफल साबित हुई हैं। गैस और तेल की बढ़ती कीमतें आम आदमी की कमर तोड़ रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को टास्क दिया कि वे महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को घर-घर तक पहुँचाएं और भाजपा की विफलताओं को उजागर करें। एकजुटता का संकल्प पदभार ग्रहण करने के बाद शहर अध्यक्ष रजनीश शर्मा ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने संकल्प लिया कि 2027 में गुना नगर पालिका में कांग्रेस का अध्यक्ष बैठाना ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इस अवसर पर बमोरी विधायक ऋषि अग्रवाल, वरिष्ठ नेता हरिशंकर विजयवर्गीय, पूर्व जिलाध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़, विश्वनाथ तिवारी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा यादव, ब्लॉक अध्यक्ष रणवीर सिंह कुशवाह, हलीम गाजी, मनीष रघुवंशी और शेखर वशिष्ठ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। - सीताराम नाटानी