क्षेत्रीय
29-Mar-2026
...


गुना (ईएमएस)। शहर के कैंट थाना क्षेत्र के गुलाबगंज इलाके में एक युवती ने गंभीर आरोप लगाते हुए पति-पत्नी सहित एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी का मामला दर्ज कराया है। युवती का आरोप है कि पार्लर का काम सीखने के दौरान उसे बहाने से घर बुलाकर उसके साथ कई बार जबरदस्ती की गई और बदनामी की धमकी देकर चुप कराया गया। पीडि़ता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपनी परिचित महिला के साथ पार्लर का काम सीखने जाती थी और इसी दौरान उसका आना-जाना आरोपी महिला के घर पर होता था। करीब एक माह पहले जब वह आरोपी के घर पहुंची तो वहां महिला मौजूद नहीं थी और उसके पति ने उसे घर में बैठा लिया। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने व बदनाम करने की धमकी दी। युवती के अनुसार, जब उसने यह बात आरोपी महिला को बताई तो उसने मामले को दबाते हुए चुप रहने के लिए कहा। इतना ही नहीं, बाद में कई बार उसे बहाने से घर बुलाकर आरोपी महिला खुद बाहर खड़ी रहती थी और उसका पति अंदर कमरे में उसके साथ दुष्कर्म करता था। डर और बदनामी के भय से वह अब तक चुप रही। पीडि़ता ने बताया कि 28 मार्च को आरोपी ने फिर फोन कर घर बुलाया और धमकी दी। जब वह वहां पहुंची तो घर में आरोपी महिला और उसका देवर भी मौजूद था। इसी दौरान आरोपी ने फिर से जबरदस्ती करने की कोशिश की, लेकिन इस बार युवती ने विरोध किया और धक्का देने पर आरोपी गिर गया, जिससे उसे चोट आई। घटना की सूचना मिलते ही युवती के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे वहां से बाहर निकाला। इस मामले में पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।- सीताराम नाटानी