29-Mar-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। भेड़ाघाट थानान्तर्गत सरस्वतीघाट स्थित एक धर्मशाला में संदिग्ध हालत में मृत मिले वृद्ध की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शराब पीने की बात पर हुये विवाद के दौरान वृद्ध को लाठी से बेरहमी से पीटा गया था जिसके कारण आई गंभीर चोटों की वजह से वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने हत्यारे की तलाश के लिए टीम का गठन किया। भेड़ाघाट पुलिस ने बताया कि शिल्पी नगर भेड़ाघाट निवासी सूर्यकांत वंशकार के बड़े पापा महेश वंशकार ढोल बजाने का काम करते थे जो गत सात वर्षो से वंशकार समाज की धर्मशाला सरस्वतीघाट में रहते थे। गत 22 मार्च को धर्मशाला में रहने वाले बाबा ने सूर्यकान्त को सूचना दी थी कि तुम्हारे बड़े पिता महेश वंशकार शराब पीकर सो गये थे सूचना पर सूर्यकान्त ने जाकर देखा कि उसके बड़े पापा महेश वंशकार की मौत हो गई थी जिनके शरीर में गंभीर चोटों के निशान थे सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रथम दृष्टया वृद्ध की मौत को संदिग्ध मानते हुए उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए मर्ग कायम कर जांच में लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि महेश की मौत शराब पीने से नहीं बल्कि सिर में आई गंभीर चोटों के कारण हुई है पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर चश्मदीदो के बयान दर्ज किये जिसमें पता चला कि महेश वंशकार का विवाद शराब पीने की बात पर सुनील ठाकुर से हुआ था इस दौरान सुनील ने महेश के साथ लाठी से मारपीट की थी। आरोपी सुनील ठाकुर पर हत्या का जुर्म दर्ज कर उसकी तलाश जारी है। सुनील साहू / मोनिका / 29 मार्च 2026/ 02.12