-पत्नी ने बताया बदमाश उसका मुंह दबाकर मोबाइल और कुंडल खींच कर ले गए अमरोहा,(ईएमएस)। घर के अंदर सो रहे एक मजदूर का पहले गला रेता और फिर उसके शरीर पर धारदार हथियार से कई वार कर नृशंस हत्या कर दी। मजदूर के हाथ पैर चारपाई से बंधे मिले हैं। मृतक की पत्नी का कहना है कि बदमाश उसका मुंह दबाकर मोबाइल और कुंडल खींच कर ले गए। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव पिपलौती कला निवासी मेहराज अली (25) मेहनत मजदूरी कर परिवार चलाते थे। शनिवार रात को खाना खाने के बाद वह अपना कमरा बंद सो गए। रविवार सुबह पिता मोमीन अहमद घर पहुंचे तो बेटे का खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा मिला और पत्नी नजदीक में चारपाई पर सो रही थी। वहीं, पत्नी का कहना है कि रात में आए बदमाश पति की हत्या करने के साथ ही उसका मुंह दबाकर मोबाइल और कुंडल खींच कर ले गए। पुलिस को पत्नी पर ही हत्या का शक है। सूचना पर मौके पर भीड़ जुड़ गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। युवक के हाथ और पैर चारपाई में रस्सी से बंधे हुए थे। गला रेतने के साथ ही पेट एवं शरीर पर अन्य जगह भी धारदार हथियार से वार किए गए थे। मजदूर के दो बेटे हैं। पुलिस ने पत्नी से पूछताछ की और सभी पहलुओं पर जांच शुरु कर दी है। सीओ ने मौका मुआयना कर बताया कि हत्या के मामले में जांच की जा रही है। जल्द पर्दाफाश किया जाएगा। सिराज/ईएमएस 29मार्च26