राज्य
29-Mar-2026


जबलपुर (ईएमएस)। सिहोरा थाना पुलिस ने शनिवार देर रात घेराबंदी कर एक सफेद रंग की कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्यवाही के दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया है,जो शराब को अवैध रूप से कटनी की ओर ले जा रहे थे। इस संबंध में प्राप्त जानाककारी के मुताबिक थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को को देर रात मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि ग्राम पौड़ा की ओर से कार क्रमांक एमपी 21 जेड जी 7413 में अवैध शराब लोड कर दो व्यक्ति कटनी की ओर निकलने वाले हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने एनएच 30 रोड पर खुड़ावल मोड़ के पास दबिश दी। कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए नंबर की कार आती दिखाई दी, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। कार में सवार व्यक्तियों की पहचान चालक अभय सिंह उर्फ विवेक ठाकुर उम्र 31 वर्ष और बगल में बैठे ऐजाज अहमद उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई। दोनों आरोपी भट्टा मोहल्ला थाना रंगनाथ जिला कटनी के निवासी हैं। पुलिस द्वारा कार की तलाशी लेने पर उसमें 24 पेटी अंग्रेजी शराब पाई गई। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने यह शराब ग्राम पोंड़ा की दुकान से खरीदी थी और इसे तस्करी कर कटनी ले जा रहे थे। जप्त शराब में ब्लेंडर प्राईड, बैग पाईपर, 8 पीएम, बकार्डा मेंगो चिली, सिग्नेचर विस्की, आरएस, मैजिक मूमेंट और गोवा विस्की के कुल 349 पाव और विभिन्न बोतलें शामिल हैं। बरामद शराब की कुल कीमत 2 लाख 14 हजार 200 रूपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने शराब खरीदने के लिए रखे गए 54 हजार 500 रूपये नकद और तस्करी में उपयोग की गई 12 लाख रूपये कीमत की कार भी जप्त की है। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। ईएमएस / 29 मार्च 26