क्षेत्रीय
29-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव से सौजन्य भेंट कर कर्मचारियों की 11 सूत्रीय मांगों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान फेडरेशन ने डीए एरियर्स को जीपीएफ में समायोजन, 300 दिवस अर्जित अवकाश नगदीकरण, वेतन विसंगतियों के निराकरण सहित कई अहम मुद्दे उठाए। प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने शिक्षकों, लिपिकों, स्वास्थ्य व अन्य विभागों की समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए राज्य स्तरीय परामर्शदात्री समिति की लंबित बैठक जल्द बुलाने का आग्रह किया। मुख्य सचिव ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का भरोसा दिलाया। फेडरेशन ने आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली में आ रही तकनीकी दिक्कतों, संविदा नियुक्तियों तथा रिक्त पदों पर भर्ती शुरू करने की मांग भी रखी, जिस पर सहमति जताई गई। पेंशनरों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा और लंबित महंगाई राहत देने का मुद्दा भी उठाया गया। मुख्य सचिव ने कर्मचारियों से ईमानदारीपूर्वक कार्य करने की अपील करते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। इस बैठक से कर्मचारियों में नई उम्मीद जगी है। मनोज राज 29 मार्च 2026