क्षेत्रीय
29-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। आम आदमी पार्टी की जिला स्तरीय बैठक में नवनियुक्त जिला अध्यक्ष उज्ज्वला कराडे का पार्टी पदाधिकारियों और सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। बैठक के दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष खगेश चंद्राकर ने विधिवत रूप से प्रभार और संगठन का लेखा-जोखा उज्ज्वला कराडे को सौंपा। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष ने इस अवसर पर पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा जताए गए विश्वास को वे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि संगठन को मजबूती प्रदान करने और पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। बैठक में उज्ज्वला कराडे ने सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं और सदस्यों से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने हेतु सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और स्तर पर जनता तक पार्टी की नीतियों और संदेश को पहुंचाने में सभी का सहयोग आवश्यक है। इस अवसर पर प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भानु चंद्र, बिलासपुर जोन प्रभारी एवं प्रदेश संगठन मंत्री अरुण नायर, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष ईश्वर चंदेल, पूर्व जिला अध्यक्ष खगेश चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य संगठन को मजबूती प्रदान करना, जिला स्तरीय रणनीतियों पर चर्चा करना और पार्टी के उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाना था। इस बैठक से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ। मनोज राज 29 मार्च 2026