क्षेत्रीय
29-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। 26 और 27 मार्च को पाणिनि शोध संस्थान, बिलासपुर में एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक गतिविधि आयोजित हुई, जिसमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली से प्रो. नोमेश बी. बोलिया के नेतृत्व में शोध दल ने संस्थान का दौरा किया। इस दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य विदुषी पुष्पा दीक्षित के शोध कार्यों को समझना और उनके पाणिनीय गुरुकुल की विशिष्ट शिक्षण पद्धति का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करना रहा। दौरे के दौरान शोध दल ने संस्कृत व्याकरण, विशेषकर पाणिनीय परंपरा के अध्ययन की गहन विधियों का अवलोकन किया। पुष्पा दीक्षित ने पारंपरिक गुरुकुल प्रणाली को आधुनिक संदर्भ में प्रस्तुत करते हुए बताया कि कैसे इस पद्धति से विद्यार्थियों में भाषा की गहरी समझ विकसित की जा सकती है। विद्यार्थियों द्वारा सूत्रों के व्यावहारिक अभ्यास और सजीव शिक्षण शैली ने आगंतुकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। प्रो. बोलिया ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे संस्कृत अध्ययन के क्षेत्र में प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण और नई पीढ़ी को उससे जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह आयोजन भविष्य में शैक्षणिक सहयोग और संयुक्त अनुसंधान के लिए एक मजबूत आधार साबित होगा। मनोज राज 29 मार्च 2026