- एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, सुरक्षा के लिए पुलिस बल रहा तैनात ब्यावरा(ईएमएस)l नगर के श्री खाटू श्याम मंदिर में रविवार को कामदा एकादशी का पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन किए। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं और पूरा वातावरण जय श्री श्याम के जयकारों से गूंज उठा। पर्व के लिए मंदिर प्रबंधन समिति ने विशेष तैयारियां की थीं। बाबा श्याम का श्रृंगार उज्जैन से मंगवाए गए 51 किलो ताजे फूलों से किया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी, पुष्पमालाओं और आकर्षक सजावट से सजाया गया था। कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः मंगला आरती से हुई। इसके बाद दिनभर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और विशेष आरतियों का आयोजन किया गया। दोपहर की आरती के समय मंदिर प्रांगण श्रद्धालुओं से खचाखच भरा था। नगर के साथ-साथ आसपास के गांवों और दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इस अवसर पर कई गांवों और मोहल्लों से निशान यात्राएं निकाली गईं। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत की धुन पर नाचते-गाते बाबा के दरबार पहुंचे और निशान अर्पित किए। पिंजारा गली स्थित काली माता मंदिर से निकली निशान यात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस बल सतर्क रहा। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और यातायात का डायवर्जन कर व्यवस्था बनाए रखी गई। नगर सुरक्षा समिति और स्वयंसेवकों ने दर्शन व्यवस्था में सहयोग दिया। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई थी। हिन्दू धर्म में कामदा एकादशी का विशेष महत्व है। इसे नववर्ष की पहली एकादशी माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन व्रत और पूजा करने से भक्तों को पुण्य की प्राप्ति होती है तथा उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। खाटू श्याम मंदिर में आयोजित यह पर्व भक्ति और उत्साह से भरा रहा। बाबा श्याम के दरबार में उमड़ा यह जनसैलाब श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक बना। -निखिल/ब्यावरा/29/3/2026