राज्य
29-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। लुटियंस दिल्ली के सैकड़ों टैक्सपेयर्स को राहत देते हुए नई दिल्ली नगर परिषद अपने पूरे क्षेत्र में प्रॉपर्टी टैक्स की गणना के लिए यूनिट एरिया मेथड लागू करने जा रही है। यह बदलाव जन विश्वास (सशोधन प्रावधान) विधेयक 2026 के तहत प्रस्तावित संशोधनों का हिस्सा है, जिसे 27 मार्च को लोकसभा में पेश किया गया था। जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत एनडीएमसी अधिनियम, 1994 में बदलाव किया जाएगा। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा 27 मार्च को लोकसभा में पेश किए गए इस विधेयक का उद्देश्य छोटे अपराधों को अपराध की श्रेणी से बाहर करना और व्यापार और जीवन यापन में सुगमता को बढ़ावा देना है। लुटियंस दिल्ली में अब तक लागू रेटेबल वैल्यू सिस्टम को लेकर वर्षो से कोर्ट में विवाद चल रहा है क्योंकि इसमें प्रशासनिक विवेकाधिकार अधिक था। उम्मीद जताई जा रही है कि नए नियम से पारदर्शिता बढ़ेगी, विवाद कम होंगे और टैक्स देनदारी पहले से अधिक स्पष्ट होगी। माना जा रहा है नए सिस्टम से इंस्पेक्टर राज खत्म होगा, अनुपालन बढ़ेगा और लोग लंबित टैक्स भुगतान करने के लिए अधिक तैयार होंगे। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/29/ मार्च/2026