राज्य
29-Mar-2026
...


- सीएम नीतीश कुमार ने रविवार को पार्टी के बड़े नेताओं के साथ बैठक की पटना, (ईएमएस)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग तेज हो गई है। दरअसल जदयू कुछ बड़े नेता चाहते हैं कि नीतीश कुमार या तो खुद सीएम बने रहें या फिर निशांत को अपनी कुर्सी सौंपे हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि बिहार का अगला सीएम बीजेपी से हो सकता है। इन सबके बीच सीएम नीतीश कुमार ने रविवार को पार्टी के बड़े नेताओं के साथ बैठक की है। आपको बता दें कि राज्यसभा सांसद के तौर पर निर्वाचित होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार किसी भी वक्त सीएम की कुर्सी छोड़ने वाले हैं। इस बात से जदयू के भीतर हलचल मची हुई है। पार्टी के कई बड़े नेता नहीं चाहते हैं कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़े हालांकि वह इस बात को सुनने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में पार्टी का एक गुट चाहता है कि निशांत कुमार ही सीएम बनें। पूर्व सांसद आनंद मोहन से लेकर बाहुबली नेता अनंत सिंह तक ने इस मांग का खुलकर समर्थन किया है। इस बीच रविवार को अचानक सीएम आवास में हलचल तेज हो गई। पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, मुंगेर सांसद ललन सिंह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहद करीबी माने जाने वाले मंत्री विजय कुमार चौधरी के अलावा पार्टी के अन्य बड़े नेताओं के साथ मुख्यमंत्री की अहम बैठक हुई है। बैठक के बाद ललन सिंह और अन्य नेताओं के साथ मुख्यमंत्री नितीश कुमार सीएम आवास से बाहर निकले। बहरहाल जदयू का एक गुट किसी भी हाल में मुख्यमंत्री पद भाजपा को देने का विरोध कर रहा है और अब सबकी नजर मुख्यमंत्री नितीश कुमार के फैसले पर टिकी है क्योंकि वे जिसे चाहेंगे वही अगला मुख्यमंत्री बनेगा। संतोष झा-२९ मार्च/२०२६/ईएमएस