राज्य
29-Mar-2026
...


पत्रकारों से चर्चा में बोले प्रभारी मंत्री जबलपुर, (ईएमएस)। मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने रविवार को जबलपुर प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश में ईंधन आपूर्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर जो आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं, वे तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हैं। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर गैस एजेंसियों के बाहर भीड़ की तस्वीरें सामने आई थीं, लेकिन वह अस्थायी स्थिति थी। प्रशासन ने तत्काल समीक्षा कर अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित की। वर्तमान में किसी भी जिले में एलपीजी की वास्तविक कमी नहीं है और डिपो से नियमित रूप से स्टॉक भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। राज्य स्तर पर अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया गया है। जहां शुरुआती दबाव था, वहां अतिरिक्त टैंकर और सिलेंडर भेजे गए हैं ताकि आम उपभोक्ता को परेशानी न हो। ईंधन कीमतों को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उपमुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के निर्णय का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी में कमी की गई है और डीजल पर केंद्रीय कर में राहत दी गई है। इससे आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और परिवहन लागत पर भी असर पड़ेगा। जमाखोरी और कृत्रिम किल्लत के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार सख्त रुख अपनाए हुए है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई अवैध भंडारण करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में तनाव के कारण वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव है, लेकिन प्रदेश में आपूर्ति तंत्र को मजबूत रखा गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अफवाहों से बचें और आवश्यकता अनुसार ही ईंधन लें। उपमुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार हर नागरिक तक आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश में किसी भी प्रकार की वास्तविक कमी नहीं है। सुनील साहू / शहबाज / 29 मार्च 2026/ 05.34