* पीएम आवास योजना के तहत 1000 से ज्यादा परिवारों को घर, आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित शहर की दिशा में पहल राजकोट (ईएमएस)| मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को राजकोट में महानगर पालिका के 751.20 करोड़ रुपए के 45 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 119.05 करोड़ रुपए के खर्च से नवनिर्मित ईडब्ल्यूएस-2 प्रकार के आवासों का लोकार्पण करके मुख्यमंत्री ने 1010 परिवारों को आधुनिक सुविधा युक्त ‘अपने घर’ की भेंट दी है। इसके साथ ही, 9.78 करोड़ रुपए के खर्च से निर्मित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) और नए व्हीकल टेस्ट ट्रैक का भी लोकार्पण किया गया। राजकोट में प्रमुख स्वामी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि ‘ईज ऑफ लिविंग’ और ‘अर्न वेल, लिव वेल’ की मंशा के साथ आगे बढ़ रहे राजकोट को आज 751.20 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की भेंट मिली है। गुजरात राज्य का विकास मॉडल और विकास कार्यों के लिए गुजरात का वित्तीय प्रबंधन देश भर में अव्वल स्थान पर है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि नागरिकों के कल्याण के लिए जरूरी एक भी विकास कार्य बाकी नहीं रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि गुजरात सरकार योजनाबद्ध विकास कार्यों को कभी नामंजूर नहीं करती, बल्कि ऐसे कार्यों की योजना को तत्काल मंजूरी दी जाती है। इस अवसर पर उन्होंने निर्माणाधीन विकास कार्यों में गुणवत्ता को बनाए रखने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को 2047 तक विकसित बनाने का संकल्प दिया है, तब ‘विकसित भारत’ के लिए देश के आम नागरिक को मुख्यधारा में शामिल करना आवश्यक है, और इसके लिए ही राज्य में ‘वाइब्रेंट गुजरात समिट’ को रीजनल यानी क्षेत्रीय स्तर पर ले जाया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बतौर सरकार के मुखिया अपने शासनकाल के 8931 दिन पूरे करने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि के तौर पर नरेन्द्र मोदी की यात्रा की शुरुआत राजकोट से हुई थी और राजकोट से शुरू हुआ यह रिकॉर्ड आज लगातार आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी के कल्याण के मंत्र के साथ कार्यरत नरेन्द्र मोदी गरीबों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाए हैं। आज पेट्रोल में एक्साइज ड्यूटी 13 रुपए से घटाकर 3 रुपए और डीजल में एक्साइज ड्यूटी को शून्य कर दिया गया है। जब कभी दुनिया में संकट पैदा हुआ है, तब नरेन्द्र मोदी ने हिम्मतपूर्वक निर्णय लिए हैं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विजन है कि देश के प्रत्येक गरीब और मध्यम वर्ग के परिवार के पास ‘अपना घर’ हो। गुजरात सरकार इस सपने को साकार करने के लिए दृढ़तापूर्वक आगे बढ़ रही है। आज राजकोट में आवास योजना के जरिए एक हजार से अधिक परिवारों को उनके सपनों का घर मिल रहा है। इस अवसर पर राजकोट जिला प्रभारी मंत्री जीतू वाघाणी ने आज के कार्यक्रम को जनकल्याण का ऐतिहासिक अवसर करार देते हुए कहा कि राजकोट महानगर पालिका द्वारा पिछले 15 दिनों में ही 1100 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, जो एक रिकॉर्ड है। हाल ही में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल द्वारा विधानसभा में पेश किए गए और बहुमत से पारित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक के संबंध में वाघाणी ने कहा कि यूसीसी विधेयक मुख्यमंत्री का ‘दिल’ है। गुजरात समूचे देश में यह विधेयक लाने वाला दूसरा राज्य है। इसके साथ ही, उन्होंने यह आश्वासन दिया कि गुजरात सरकार जनता के हित के लिए जरूरी सभी निर्णय करती रहेगी। उन्होंने कहा कि सौराष्ट्र से विकास की धारा गुजरात भर में प्रवाहित हो रही है। मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में अविरत विकास यात्रा के परिणामस्वरूप हुआ परिवर्तन दिखाई दे रहा है। राजकोट महानगर पालिका के निरंतर प्रयासों के चलते आज राजकोट के हर कोने का विकास हुआ है। शहरी विकास राज्य मंत्री दर्शना वाघेला ने कहा कि आज राजकोट में शहरी विकास विभाग के 543 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और 207 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास हुआ है। उन्होंने इसके लिए नागरिकों को बधाई दी। दर्शना वाघेला ने कहा कि उत्सवप्रिय और रंगीला राजकोट अब विकास कार्यों में भी आगे बढ़ रहा है। ड्रेनेज, पानी और सड़कों के विकास कार्यों से आगे बढ़कर राज्य सरकार ने गरीबों की वेदना को समझते हुए आवासों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार लोगों के कल्याण के लिए लगातार तत्पर रहेगी और आगामी दिनों में राजकोट विकास के मामले में मॉडल सिटी बनेगा। इस अवसर पर सांसद परशोत्तम रूपाला ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में गुजरात का सर्वांगीण विकास हुआ है। हमारे दूरदर्शी प्रधानमंत्री और तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वाइब्रेंट गुजरात समिट की ऐतिहासिक शुरुआत हुई थी। इसे आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के दिशा-निर्देश में यह वाइब्रेंट समिट अब क्षेत्रीय स्तर पर पहुंच गई है। यह गर्व की बात है कि राजकोट में वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस का भव्य आयोजन हुआ और इसे सफलता मिली। राजकोट महानगर पालिका आयुक्त तुषार सुमेरा ने कहा कि राजकोट महानगर में पिछले एक महीने में ही 1100 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। नल, सड़क विकास, सीवर और आवास सहित चारों क्षेत्रों में सेचुरेशन की बुनियाद रखी गई है। आज इस अवसर पर 161 करोड़ रुपए के सड़कों के कार्य तथा सौराष्ट्र के सबसे बड़े वाटर फिल्टर प्लांट का भी शिलान्यास किया गया है। कार्यक्रम के अंत में मनपा उपायुक्त महेश जानी ने आभार व्यक्त किया। सतीश/29 मार्च