राज्य
29-Mar-2026


जबलपुर, (ईएमएस)। श्रवण परंपरा के 24वें तीर्थंकर ‘‘जियो और जीने दो’’ के अहिंसात्मक मूल्यों की लोकतांत्रिक शैली के प्रज्ञापुरूष भगवान महावीर स्वामी की जयंती 30 मार्च सोमवार को पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ मनायी जाएगी। इस अवसर पर श्री जैन नवयुवक सभा एवं दिगम्बर जैन पंचायत सभा तथा अनेक सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में भगवान महावीर स्वामी की एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जो नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करने के पश्चात बड़े फुहारे पर विश्राम लेगी और यहीं पर श्रीजी का महा मस्तिष्काभिषेक किया जाएगा। महावीर जयंती पर भगवान महावीर स्वामी की विशाल शोभायात्रा श्रीजी की पालकी मुख्य आकर्षण होगी, जो 30 मार्च को सुबह 6.30 बजे बड़ा जैन मंदिर हनुमानताल से प्रांरभ होगी। यह शोभायात्रा घोड़ा नक्कास तिराहा, कोतवाली, कमानिया गेट, विजय कटपीस, खजांची चौक, तुलाराम चौक, करमचंद चौक, मालवीय चौक, सुपर मार्केट, लार्डगंज तिराहा, घमंडी चौक होते हुये बड़े फुहारा पहुंचेगी, जहां धर्मसभा के रूप में शोभायात्रा का समापन किया जायेगा। बड़े फुहारे पर दोपहर 1.30 बजे महाशांति धारा एवं नृत्य महा पूजा होगी। कमानिया गेट पर ही इसी दिन रात्रि 8 बजे से अहिंसा सम्मेलन आयोजित होगा। सुनील साहू / मोनिका / 29 मार्च 2026/ 06.13