नरसिंहपुर, (ईएमएस)। प्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि हम ग्राम मोहपानी से वनांचल ग्राम बड़ागांव तक करीब 29.10 किमी लंबी सड़क निर्माण कार्य के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए है। इसके लिए सभी को शुभकामनाएं और धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने गांव- गांव को पक्की सड़कों से जोड़ने का काम किया है, जिसके माध्यम से कई ग्रामों को पक्की सड़को से जोड़ने का कार्य हुआ है। पीएम जनमन योजनांतर्गत जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र बड़ागांव को पक्की सड़क से जोड़ने का काम किया जा रहा है। उन्होंने धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वनांचल ग्राम बड़ागांव में सड़क निर्माण कार्य के लिए लगभग 40 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है, जिस राशि से इस सड़क का निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। सरकार दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में निवासरत आदिवासी भाईयों और बहनों की चिंता कर रही है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि सरकार पीएम जनमन योजनांतर्गत सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा जैसी अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि ग्राम मोहपानी से वनांचल ग्राम बड़ागांव तक पक्की सड़क का निर्माण होने से यह क्षेत्र शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और रोजगार से जुड़ने का काम करेगी। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार से कहा कि वे गुणवत्ता और मानक स्तर की सड़क का निर्माण कार्य करें, जिससे आने-जाने में किसी भी तरह की परेशानी न हो। उक्ताशय के विचार मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने रविवार को गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र के जनपद पंचायत बाबई-चीचली के ग्राम मोहपानी में सड़क निर्माण कार्य के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित विशाल आदिवासी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मंत्री श्री सिंह ने आदिवासी बहनों के हाथों से फीता काटकर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंत्री श्री सिंह आदिवासी भाईयों और बहनों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री नरेश पाठक, नगर पालिका अध्यक्ष गाडरवारा श्री शिवाकांत मिश्रा, श्री अभिलाष मिश्रा, श्री मुकेश मरैया, श्री भूपेन्द्र ठाकुर, श्री मिनेन्द्र डागा, जिला पंचायत सदस्य डॉ. योगेश कौरव, श्री कमल खटीक, सुश्री नंदनी मरावी, ठाकुर राजीव सिंह, श्री राजाराम ठाकुर, राव संदीप सिंह, श्री रामकुमार ठाकुर, श्री नवनीत चाचा, श्री नरेन्द्र कौरव, अन्य जनप्रतिनिधि, पीआईयू के श्री संजीव सनौड़िया सहित अन्य अधिकारी, आदिवासी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि ग्राम मोहपानी से वनांचल ग्राम बड़ागांव तक लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से करीब 29.10 किमी लंबी की सड़क का निर्माण कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री सिंह ने कहा कि ग्राम बड़ागांव में स्कूल का भवन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर क्षेत्र में विकास हो। शिक्षा के क्षेत्र में सांदीपनी स्कूल भवन के निर्माण किए जा रहे हैं। अब जनपद पंचायत चीचली के सांदीपनी स्कूल भवन में आदिवासी क्षेत्र के बच्चे पढ़ाई के लिए जाएंगे। सरकार नल-जल योजना के माध्यम से लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का काम कर रही है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि सालीचौका में वृहद स्तर का अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आयुष्मान योजना लागू कर पात्र व्यक्तियों का 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश में एयर एम्बुलेंस सेवा प्रारंभ की है, जिससे मरीजों को त्वरित चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है। इस दिशा में सरकार ने कई मरीजों को एयर एम्बुलेंस की सेवा प्रदान की है। मंत्री श्री सिंह ने की घोषणाएं इस अवसर पर मंत्री श्री सिंह ने ग्राम मोहपानी में बड़ादेव मंदिर मय टीन शेड व चबूतरा निर्माण के लिए दो लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। छोटा जबलपुर में नागरिकों की सुविधा के लिए सर्वसुविधायुक्त प्रसाधन गृह के लिए 5 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। इसके अलावा मंत्री श्री सिंह ने बताया कि ग्राम टुईयापानी से ग्राम भिलमाढाना रोड का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। / श्री मेरावी/ 29 मार्च 2026.