वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बोलीं— भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत, रुपया अन्य देशों से बेहतर प्रदर्शन कर रहा नई दिल्ली,(ईएमएस)। लोकसभा में बजट सत्र के दौरान सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपए की गिरती कीमत को लेकर विपक्ष और सरकार के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए जोरदार हंगामा किया, जिस पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, कि भारतीय रुपया अन्य उभरती अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। वित्त मंत्री सीतारमण ने सदन में स्पष्ट किया कि देश की आर्थिक स्थिति मजबूत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि भारत का फिस्कल डेफिसिट नियंत्रण में है और विदेशी मुद्रा भंडार भी पर्याप्त स्तर पर मौजूद है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की कृषि और मेहनतकश जनता के योगदान को कमतर आंकना उचित नहीं है। उन्होंने कहा, हमें देश और जनता की मेहनत के साथ खड़ा रहना चाहिए, न कि उसे कमजोर बताना चाहिए। इस दौरान सांसद धर्मेंद्र यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बात सुनता है, लेकिन रुपए की लगातार गिरावट उनकी लोकप्रियता को प्रभावित कर रही है। इस पर पलटवार करते हुए वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा कि हाल ही में हुए एक वैश्विक सर्वे में प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में सामने आए हैं। सदन में शोर-शराबे के बीच वित्त मंत्री सीतारमण ने यह भी कहा कि जब सरकार जवाब दे रही हो, तो विपक्ष को उसे ध्यान से सुनना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों, विशेष रूप से मिडिल ईस्ट संकट के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था स्थिर बनी हुई है। वहीं, लोकसभा में सोमवार को देश को नक्सलवाद से मुक्त करने के लक्ष्य पर भी चर्चा प्रस्तावित है। अमित शाह पहले ही यह लक्ष्य तय कर चुके हैं कि 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त किया जाएगा। इस विषय पर चर्चा की शुरुआत श्रीकांत शिंदे द्वारा किए जाने की संभावना है। हिदायत/ईएमएस 30मार्च26