राष्ट्रीय
31-Mar-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सांसद सोनिया गांधी को सर गंगा राम अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उन्हें 24 मार्च को बुखार के कारण अस्पताल में भर्ती किया गया था। अस्पताल के अध्यक्ष डॉ.अजय स्वरूप ने बताया कि उनका इलाज डॉ.डी.एस.राणा, डॉ. एस. नंदी और डॉ. अरूप बसु की देखरेख में एंटीबायोटिक्स के माध्यम से किया गया और उनका स्वास्थ्य लगातार सुधार रहा है। डॉक्टरों ने कहा कि सोनिया गांधी की स्थिति में उत्कृष्ट सुधार हुआ है और अब वे सामान्य स्थिति में हैं। हालांकि उन्हें अभी भी इंट्रावेनस एंटीबायोटिक्स दी जा रही हैं, जो कुछ और दिनों तक जारी रहेंगी। सभी स्वास्थ्य पैरामीटर सामान्य सीमा के भीतर हैं और उनकी स्थिति स्थिर है। अस्पताल के अनुसार, छुट्टी देने का निर्णय मरीज और चिकित्सक की सलाह के बाद लिया गया। वर्तमान में उनका एक सिस्टमिक संक्रमण का इलाज चल रहा है और एंटीबायोटिक्स का सकारात्मक असर देखा जा रहा है। वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर निगरानी रख रही है। एहतियात के तौर पर उन्हें कुछ समय तक घर पर निगरानी में रखा जा सकता है। डॉ. स्वरूप ने कहा कि फिलहाल उन्हें कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या नहीं है और वे पूरी तरह स्वस्थ होने की ओर बढ़ रही हैं। सोनिया गांधी की हाल की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अस्पताल और परिवार ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि उनका स्वास्थ्य स्थिर है और वे जल्द ही सामान्य दिनचर्या में लौटेंगी। इस दौरान उनकी देखरेख और एहतियात सुनिश्चित की जा रही है। आशीष दुबे / 31 मार्च 2026