नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेताप्रतिपक्ष राहुल गांधी सोमवार को पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान को गति देने के लिए दिल्ली से केरल के लिए रवाना हो गए। पार्टी सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी अपने इस दौरे के दौरान कई अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे और संगठन को मजबूत करने के लिए स्थानीय नेताओं के साथ रणनीति पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही सोमवार को ही राहुल गांधी विभिन्न स्थानों पर जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे, जहां वे पार्टी की नीतियों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर जनता से संवाद करेंगे। कांग्रेस के लिए केरल एक महत्वपूर्ण राज्य माना जाता है, जहां पार्टी अपनी स्थिति को और मजबूत करने के प्रयास में जुटी है। तय कार्यक्रम अनुसार राहुल गांधी शाम चार बजे कंजीकुझी जंक्शन, कोट्टायम पहुंचेंगे जहां उनका स्वागत कार्यक्रम आयोजित होगा। राहुल के दौरे का समापन शाम में अथिरामपुझा सेंट्रल जंक्शन, कोट्टायम में होने वाली जनसभा के साथ होगा। राहुल गांधी का यह दौरा इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि इस दौरान वे कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर उन्हें आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश देंगे। साथ ही, राज्य के विभिन्न मुद्दों पर जनता की राय भी जानने की कोशिश करेंगे। राहुल गांधी के इस दौरे को कांग्रेस के अभियान में नई ऊर्जा लाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है, जिससे पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिल सके। हिदायत/ईएमएस 30मार्च26