नई दिल्ली (ईएमएस)। देश की राजधानी दिल्ली में 30 मार्च के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 31 मार्च को कई जगहों पर गरज के साथ बारिश की संभावना है। वहीं, कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। देश की राजधानी दिल्ली में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने सोमवार यानी कि 30 मार्च के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जहां न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 मार्च को भी दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इतना ही नहीं, अप्रैल के पहले सप्ताह में भी मौसम का यही रुख बना रहने की संभावना है। 3 और 4 अप्रैल को फिर से बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/30/मार्च/2026