राज्य
30-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। आम आदमी पार्टी ने भाजपा शासित दिल्ली में खुलेआम सूखे नशे और अवैध शराब की बिक्री का आरोप लगाया है। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि तस्करों को सरकारी संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने दिल्ली पुलिस की मिलीभगत और उपराज्यपाल की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए हैं। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि भाजपा शासित दिल्ली में एक बार फिर खुलेआम सूखा नशा और अवैध शराब बेचे जाने का खुलासा हुआ है। इस बार यह नशे का कारोबार कैमरे में कैद हुआ है। इसकी कथित वायरल वीडियो को आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर साझा कर भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार पर निशाना साधा है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली के उत्तम नगर में खुलेआम हो रहा नशा कारोबार कैमरे में कैद हो गया, लेकिन इस पर सरकार मौन है। जिस तरह से खुलेआम नशा बिक रहा है, उससे साफ है कि तस्करों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस की बात सही साबित हो रही है कि नशा तस्करों को सरकार के लोग छुड़वा देते हैं। चार इंजन की भाजपा सरकार होने के बाद भी पूरी दिल्ली में नशे का कारोबार खुल्लम-खुल्ला चल रहा है। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/30/मार्च/2026